September 21, 2023

सभी विभाग प्रमुख अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को हिन्दी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करें! -महाप्रबंधक

दक्षिण पूर्व रेलवे: राजभाषा पखवाड़ा का उद्घाटन एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन

कोलकाता: दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय गार्डनरीच कोलकाता में राजभाषा पखवाड़ा समारोह का उद्घाटन एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2023 की तीसरी बैठक का आरंभ अनिल कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस बैठक में सभी विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित थे।

बैठक में सभी मंडलों के अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं खड़गपुर कारखाना के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी वर्चुअल मीडिया के माध्यम से सम्मिलित हुए।

राजभाषा पखवाड़ा समारोह दि. 18.09.2023 से 29.09.2023 के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं (हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक्, हिंदी टंकण एवं कर्मचारियों के लिए क्विज) आयोजित की जाएंगी। इनमें सफल होने वाले सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

महाप्रबंधक ने राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिस पर अमल किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक कार्य में राजभाषा हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें। उन्होंने यह भी कहा की मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी हिंदी में और अधिक टिप्पणियां लिखें। मंडलों के स्टेशनों के स्टेशन संचालन नियमों का हिंदी रूपांतरण अद्यतन रखें। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजभाषा हिन्दी का प्रयोग प्रसार बढ़ाने के लिए सभी विभाग प्रमुख अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को हिन्दी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करें।

बैठक के दौरान राजभाषा विभाग की गृह पत्रिका ‘गतिमान’ के राजभाषा विशेषांक के 36वें अंक का विमोचन महाप्रबंधक द्वारा किया गया। श्रीमती आशा मिश्रा, राजभाषा अधिकारी द्वारा ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य पर एक प्रस्तुति दी गयी।

समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रेमचंद डांग, उप महाप्रबंधक (राजभाषा) ने किया।

फोटो परिचय (ऊपर): क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2023 की तृतीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे अनिल कुमार मिश्रा।

फोटो परिचय: राजभाषा विभाग की गृह पत्रिका ‘गतिमान’ के राजभाषा विशेषांक का विमोचन करते हुए महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे अनिल कुमार मिश्रा एवं अन्य अधिकारीगण।