मध्य रेल में ऑटोमोबाइल लदान की नई शुरुआत – भिगवण, सोलापुर तथा भुसावल मालगोदाम से पहली बार ऑटोमोबाइल लदान

मुंबई: मध्य रेल ने अपने माल परिवहन व्यवसाय में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल करते हुए सोलापुर मंडल के भिगवण मालगोदाम तथा भुसावल मंडल के भुसावल मालगोदाम से पहली बार सफलतापूर्वक ऑटोमोबाइल लदान प्रारंभ किया है। ये ऐतिहासिक उपलब्धियाँ माल यातायात के एक नए क्षेत्र को जोड़ने के साथ-साथ ग्राहक-केंद्रित लॉजिस्टिक्स सेवाओं तथा माल परिवहन के विविधीकरण के प्रति मध्य रेल की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती हैं।

नए सोलापुर मंडल में पहली बार ऑटोमोबाइल लदान (दौंड एवं मनमाड खंड के पुणे मंडल में स्थानांतरण के बाद):

दौंड एवं मनमाड खंड के पुणे मंडल में स्थानांतरण के उपरांत नए सोलापुर मंडल ने 19 जुलाई 2026 को भिगवण मालगोदाम से पहली बार ऑटोमोबाइल लदान कर अपने माल परिवहन व्यवसाय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।
इस अवसर पर 25 न्यू मॉडिफाइड गुड्स (एनएमजी) वैगनों की पहली रेक, जिसमें 100 ऑटोमोबाइल लदे थे, भिगवण मालगोदाम से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के रंगिया मंडल स्थित बी.आर. ट्रांसकॉन लिमिटेड गुड्स कार्गो टर्मिनल, कामरूप (असम) के लिए सफलतापूर्वक रवाना की गई। इस प्रथम लदान से ₹21 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

Advertisements

भिगवण मालगोदाम में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आधारभूत संरचना एवं व्यावसायिक गतिविधियों का निरंतर विकास हुआ है। पूर्व में बैलेस्ट हैंडलिंग के लिए प्रयुक्त हैंडलिंग लाइन को मई 2024 में माल ग्राहकों के लिए खोला गया। इसके बाद मई 2024 में कोयले की अनलोडिंग तथा जनवरी 2026 में लोहे की सरियों (आयरन बार्स) की अनलोडिंग प्रारंभ हुई। साथ ही, परिसंचरण क्षेत्र (सर्कुलेटिंग एरिया) एवं पहुँच मार्ग (एप्रोच रोड) का भी विकास किया गया, जिससे माल हैंडलिंग क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

भिगवण से ऑटोमोबाइल यातायात की भविष्य की संभावनाएँ अत्यंत उत्साहजनक हैं। भिगवण से विभिन्न गंतव्यों के लिए एनएमजी रेक के माध्यम से ऑटोमोबाइल लदान हेतु अब तक 26 इंडेंट पंजीकृत किए जा चुके हैं। प्रत्येक रेक से लगभग ₹16 लाख से ₹22 लाख तक की आय होने का अनुमान है, जो इस क्षेत्र में व्यापक विकास की संभावनाओं को दर्शाता है।

भुसावल मालगोदाम से भी प्रारंभ हुआ ऑटोमोबाइल लदान

भुसावल मंडल ने भी भुसावल मालगोदाम से मैसर्स महिंद्रा लॉजिस्टिक्स लिमिटेड, नासिक के लिए पहली बार ऑटोमोबाइल लदान प्रारंभ कर अपने माल परिवहन व्यवसाय में एक नया अध्याय जोड़ा है।

यह पहल जुलाई 2027 में प्रस्तावित सिंहस्थ कुंभ मेला, नासिक की तैयारियों के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य रेल परिवहन के माध्यम से मौजूदा ऑटोमोबाइल यातायात को बनाए रखना तथा उसका विस्तार करना है।

24 जुलाई 2026 को 25 एनएमजी वैगनों की पहली रेक, जिसमें 100 ऑटोमोबाइल लदे थे, भुसावल मालगोदाम से दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलुरु मंडल स्थित निदवंडा (एनडीवी) के लिए सफलतापूर्वक रवाना की गई।

इस प्रथम लदान से ₹14.82 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) द्वारा नए माल परिवहन व्यवसाय के अवसर विकसित करने हेतु किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।