मध्य रेल के गैर-किराया राजस्व में 16.78% की वृद्धि; मई 2026 तक कमाया ₹20.48 करोड़ का राजस्व

मुंबई: मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों—अप्रैल-मई—में ₹20.48 करोड़ का गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) अर्जित किया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में अर्जित ₹17.54 करोड़ की तुलना में 16.78 प्रतिशत अधिक है।

मई 2026 के दौरान ई-नीलामी के माध्यम से 29 अनुबंध प्रदान किए गए, जिनसे कुल ₹409.72 लाख का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा। यह मध्य रेल द्वारा अपनी परिसंपत्तियों के वाणिज्यिक उपयोग एवं राजस्व सृजन के प्रति अपनाई जा रही सतत एवं प्रभावी रणनीति को प्रतिबिंबित करता है।

मोबाइल एसेट विज्ञापन के अंतर्गत मुंबई मंडल ने गाड़ी संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस पर पूर्ण बाह्य विनाइल रैपिंग तथा आंतरिक विज्ञापन माध्यमों हेतु पाँच वर्षों की अवधि के लिए ₹13.22 लाख प्रति वर्ष का अनुबंध प्रदान किया। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 11007/08 डेक्कन एक्सप्रेस तथा 12051/52 जनशताब्दी एक्सप्रेस पर विज्ञापन हेतु पाँच वर्षों के लिए ₹12.50 लाख प्रति वर्ष तथा गाड़ी संख्या 22107/08 सीएसएमटी-लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस एवं 22143/44 सीएसएमटी-बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस पर विज्ञापन हेतु पाँच वर्षों के लिए ₹6.55 लाख प्रति वर्ष का अनुबंध प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 22229/22230 सीएसएमटी-मडगांव-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार कोचों की हेडरेस्ट पर विज्ञापन प्रदर्शन हेतु तीन वर्षों के लिए ₹16.83 लाख प्रति वर्ष का अनुबंध प्रदान किया गया।

Advertisements

आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन के अंतर्गत मुंबई मंडल ने नवी मुंबई एयरपोर्ट रोड पर तीन नए होर्डिंग्स हेतु पाँच वर्षों के लिए ₹1.32 करोड़ प्रति वर्ष तथा मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड पर एक होर्डिंग हेतु पाँच वर्षों के लिए ₹17.10 लाख प्रति वर्ष का अनुबंध प्रदान किया। रेलवे डिस्प्ले नेटवर्क (RDN) के अंतर्गत मुंबई मंडल के तारघर स्टेशन पर गैर-डिजिटल ग्लो साइन बोर्ड हेतु तीन वर्षों के लिए ₹6.00 लाख प्रति वर्ष तथा नागपुर मंडल के धामनगांव स्टेशन पर साइन बोर्ड हेतु तीन वर्षों के लिए ₹1.36 लाख प्रति वर्ष का अनुबंध प्रदान किया गया।

अन्य प्रमुख गैर-किराया राजस्व पहलों के अंतर्गत मुंबई मंडल द्वारा लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) में रेल कोच रेस्तरां के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹48.09 लाख प्रतिवर्ष, न्यू मुलुंड गुड्स डिपो एवं कलंबोली में प्रतीक्षालय-सह-कैंटीन सुविधा के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹3.32 लाख प्रतिवर्ष तथा वसिंद में किराना एवं फोटोकॉपी केंद्र के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹5.50 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त, ट्रॉम्बे (महुल) में प्रतीक्षालय-सह-कैंटीन सुविधा के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹1.65 लाख प्रतिवर्ष तथा ठाणे में बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹5.26 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध भी प्रदान किया गया।

भुसावल मंडल द्वारा भुसावल–नासिक रोड खंड पर विविध वस्तुओं की ऑन-बोर्ड बिक्री हेतु 3 वर्षों के लिए ₹45.73 लाख प्रतिवर्ष, अकोला में रेल कोच रेस्तरां के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹9.78 लाख प्रतिवर्ष, खंडवा में किराना स्टोर के संचालन हेतु 3 वर्षों के लिए ₹1.56 लाख प्रतिवर्ष तथा नासिक रोड एवं भुसावल स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग कियोस्क के संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹3.40 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए गए। देवलाली में रिटायरिंग रूम के प्रबंधन एवं संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹0.22 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध भी प्रदान किया गया।

नागपुर मंडल द्वारा न्यू बल्हारशाह मालगोदाम में रिक्त BOXN रेकों की सफाई हेतु 6 माह की अवधि के लिए ₹31.87 लाख प्रतिवर्ष, मकरधोखड़ा में डोर क्लोजिंग एवं रिक्त वैगनों की सफाई हेतु 2 वर्षों के लिए ₹31.52 लाख प्रतिवर्ष, अमला एवं बल्हारशाह में मोबाइल फूड वैन संचालन हेतु 5 वर्षों के लिए ₹8.76 लाख प्रतिवर्ष तथा अजनी पार्सल कार्यालय में दोपहिया वाहन पैकिंग सुविधा हेतु 3 वर्षों के लिए ₹2.42 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त, बैतूल मालगोदाम में ट्रक पार्किंग सह स्टैकिंग सुविधा हेतु 3 वर्षों के लिए ₹2.12 लाख प्रतिवर्ष, बल्हारशाह में डिजिटल लॉकर सुविधा हेतु 3 वर्षों के लिए ₹1.10 लाख प्रतिवर्ष, वर्धा में मिनी जलपान इकाई सहित प्रतीक्षालय रखरखाव हेतु 3 वर्षों के लिए ₹1.15 लाख प्रतिवर्ष तथा चंद्रपुर में किराना एवं फोटोकॉपी केंद्र संचालन हेतु 3 वर्षों के लिए ₹0.71 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध भी प्रदान किए गए।

मध्य रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन की मूल गतिविधियों को प्रभावित किए बिना अतिरिक्त राजस्व अर्जित करने के उद्देश्य से नवोन्मेषी गैर-किराया राजस्व योजनाओं के माध्यम से अपनी परिसंपत्तियों का प्रभावी एवं सतत उपयोग कर रहा है।