झांसी मंडल: आवधिक स्थानांतरण नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन

प्रयागराज ब्यूरो: रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित नीति एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप, मंडल रेल प्रबंधक, झांसी अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में संवेदनशील पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के 31.03.2026 तक ड्यू रोटेशनल ट्रांसफर (आवधिक स्थानांतरण) के अंतर्गत स्थानांतरण आदेश निर्धारित अविधि में जारी किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा सभी शाखा अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए रोटेशनल ट्रांसफर के अंतर्गत 31.03.2026 तक ड्यू कुल 203 कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं, जो इस दिशा में मंडल प्रशासन के सक्रिय एवं प्रभावी प्रयासों को दर्शाता है।

मंडल प्रशासन द्वारा रेलवे बोर्ड एवं सतर्कता विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि संवेदनशील पदों पर कार्यरत कर्मचारियों का आवधिक स्थानांतरण के अंतर्गत निर्धारित अवधि पूर्ण होने से पूर्व ही कर्मचारियों का स्थानांतरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

Advertisements

वर्तमान स्थिति के अनुसार, झांसी मंडल में रोटेशनल ट्रांसफर के अंतर्गत किसी भी कर्मचारी का स्थानांतरण लंबित नहीं है। यह प्रक्रिया मंडल में प्रशासनिक पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंडल प्रशासन द्वारा भविष्य में भी रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों एवं सतर्कता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उपरोक्त जानकारी झाँसी मंडल द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में दी गई है।