उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री से अर्जित किया ₹316.87 करोड़ का राजस्व

प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्क्रैप निष्पादन के क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की गई है। इस अवधि में उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री के माध्यम से ₹316.87 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है, जो निर्धारित लक्ष्य ₹275.00 करोड़ की तुलना में ₹41.87 करोड़ जो कि 15.23% अधिक है। उल्लेखनीय है कि उपरोक्त स्क्रैप बिक्री गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 16.40% अधिक है।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबन्धक एस. पी. द्विवेदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभिन्न डिपो एवं मंडलों द्वारा समन्वित प्रयास करते हुए कंडेम्ड वैगन, कोच, जल टंकियां, स्टील संरचनाएं तथा नॉन-फेरस सामग्री सहित विभिन्न प्रकार के स्क्रैप का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्क्रैप निष्पादन को सदैव प्राथमिकता दी जाती रही है तथा इसकी नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती है। इस प्रक्रिया से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि रेल परिसरों की स्वच्छता सुनिश्चित हुई है तथा बहुमूल्य रेलवे भूमि को अन्य उपयोगों हेतु उपलब्ध कराया गया है।

Advertisements

उत्तर मध्य रेलवे भविष्य में भी “जीरो स्क्रैप” लक्ष्य की प्राप्ति तथा स्क्रैप बिक्री में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए अपने परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।