मध्य रेल: महाप्रबंधक द्वारा भुसावल मंडल के मनमाड–भुसावल खंड का संरक्षा निरीक्षण

मुंबई: मध्य रेल के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने 17.01.2026 को भुसावल मंडल के अंतर्गत मनमाड–भुसावल खंड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिचालन दक्षता, सुरक्षा मानकों तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

नांदगांव में निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बढ़ाने हेतु विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत नवोन्मेषी उपायों की सराहना की। उन्होंने स्टेशन भवन, स्टेशन पैनल रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त क्रू लॉबी, क्रू रनिंग रूम, गुड्स शेड का निरीक्षण किया तथा संरक्षा प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक द्वारा निम्नलिखित का अनावरण/विमोचन किया गया—

Advertisements
  • संरक्षा विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन एवं त्रैमासिक सुरक्षा बुलेटिन पुस्तिका
  • कार्मिक विभाग द्वारा वरिष्ठता संकलन पुस्तिका
  • इंजीनियरिंग विभाग द्वारा टर्नआउट मेंटेनेंस पुस्तिका
  • सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग द्वारा सिग्नलिंग मेंटेनेंस एवं सिग्नल लोकेशन पुस्तिका
  • क्रिटिकल सिग्नल लोकेशन पर आधारित पैम्फलेट

महाप्रबंधक ने स्व-चालित दुर्घटना राहत ट्रेन (#SPART), एस एंड टी विभाग के “निवारण” ऐप, आरएस फ्लैप वाल्व स्टिम्युलेटर का उद्घाटन किया तथा ब्रेकिंग पैटर्न सिस्टम ऐप एवं शंटर सेफ्टी ऐप का विमोचन किया।

पिंपेरखेड़ में महाप्रबंधक ने ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर का निरीक्षण कर परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता एवं दीर्घायु बढ़ाने हेतु अनुरक्षण पद्धतियों की समीक्षा की।

हिरापुर में महाप्रबंधक ने गैंग यूनिट नंबर 5, टर्नआउट नंबर 102 बी तथा यार्ड में लॉन्ग वेल्डेड रेल एवं स्विच एक्सपैंशन जॉइंट्स का निरीक्षण किया। इस अवसर पर ट्रैकमैन हैंडबुक एवं टूल बॉक्स टॉक पुस्तिकाओं का अनावरण किया गया।

इसके पश्चात चालीसगांव–वाघली खंड पर किमी. 330/7–9 स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 120 का निरीक्षण किया गया तथा कमर्शियल नियम पुस्तिका का अनावरण किया गया। साथ ही कजगांव–नगरदेवला खंड पर किमी. 353/713 से 354/853 के बीच वक्र (Curve) संख्या 05 का निरीक्षण किया गया।

महाप्रबंधक ने नगरदेवला–गालन खंड पर किमी. 354/29 से 355/01 स्थित तितूर गर्डर ब्रिज नंबर 354/3 का संरचनात्मक मजबूती एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया। इसके उपरांत गालन –पाचोरा खंड पर किमी. 368/03–05 स्थित लिमिटेड हाइट सबवे का निरीक्षण किया गया।

पाचोरा में महाप्रबंधक ने स्टेशन क्षेत्र, उप स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, रेलवे स्वास्थ्य इकाई, रेलवे कॉलोनी तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का निरीक्षण किया। इस अवसर पर “संकेत सहायक” पुस्तिका का अनावरण किया गया।

भुसावल में महाप्रबंधक ने रूटीन ओवरहॉलिंग शेड एवं ओएचई डिपो का निरीक्षण किया तथा ओएचई डिपो में 2×25 केवी मॉडल का उद्घाटन किया।
उन्होंने भुसावल रेलवे कॉलोनी एवं अधिकारियों का नवीन विश्राम गृह का भी उद्घाटन किया।

इस दौरान निम्नलिखित पुस्तिकाओं का अनावरण किया गया—

  • अनुकंपा नियुक्ति हेतु हैंडबुक
  • अनुरोध स्थानांतरण संकलन
  • विद्युतीकरण कार्य हेतु हैंडबुक
  • पॉइंट्समैन हेतु अध्ययन सामग्री
  • स्टेशन मास्टरों हेतु स्टेशन मार्गदर्शिका
  • स्टेशन मास्टरों हेतु कवच प्रशिक्षण हैंडबुक
  • शंटिंग के सामान्य नियमों पर पैम्फलेट

महाप्रबंधक ने शाखा अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए माननीय रेल मंत्री द्वारा सुरक्षा, अनुरक्षण, गुणवत्ता एवं प्रशिक्षण (#SMQT) पर दिए गए विशेष जोर को दोहराया। उन्होंने यूनियन प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा मीडिया से संवाद कर उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया।

महाप्रबंधक ने नांदगांव एवं पाचोरा स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने माननीय विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भेंट कर विभिन्न रेलवे संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान विवेक कुमार गुप्ता ने स्वच्छता मानकों, ट्रेनों की समयपालनता तथा अनुरक्षण एवं अवसंरचना उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन, अंतर-विभागीय समन्वय तथा उच्चतम सुरक्षा एवं विश्वसनीयता मानकों के प्रति सतत सजग रहने का आह्वान किया।

पूरे निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने फील्ड स्तर के कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षित रेल परिचालन, अवसंरचना की विश्वसनीयता एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं के महत्व पर बल दिया तथा भारतीय रेल की छवि एवं यात्री सुविधा में समग्र सुधार हेतु उपयोगी सुझाव दिए।

इस निरीक्षण के दौरान पुनीत अग्रवाल, मंडल रेल प्रबंधक, भुसावल मंडल, मुख्यालय एवं भुसावल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।