कर्मचारी कल्याण के लिए लखनऊ मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे की सराहनीय पहल

मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ मंडल की विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है। इन प्रमुख गतिविधियों के अलावा वह लखनऊ मंडल के रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी गतिविधियों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

मंडल रेल प्रबंधक के प्रयासों से लखनऊ में बादशाह नगर स्थित रेलवे मनोरंजन संस्थान का कायाकल्प करते हुए इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। संस्थान में योग क्लासेज, डांस क्लासेज, एरोबिक जिम्नास्टिक, ट्यूशन क्लासेज जैसी सुविधाएं कर्मचारियों और उनके परिवारों को निःशुल्क मुहैया कराई जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक के प्रयासों मनोरंजन संस्थान में शूटिंग रेंज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसके अलावा संस्थान में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का भी समय-समय पर आयोजन होता है।

Advertisements

कर्मचारियों के लिए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के साथ बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के अतिरिक्त उनके परिजनों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

यहां पर प्रत्येक माह एक फिल्म रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के सदस्यों के लिए मनोरंजन हेतु दिखाई जाती है। इंटरवल के दौरान सभी के लिए जलपान की व्यवस्था कराई जा रही है।

खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इन सुविधाओं का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना एवं उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार करना है।

आज के तनावयुक्त काम के वातावरण में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अपने रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के मनोरंजन एवं सर्वांगीण विकास के लिए किए गए इस अनूठे प्रयोग की सभी रेल कर्मचारी एवं उनके परिवार द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है तथा इस पहल के लिए मंडल रेल प्रबंधक का आभार भी प्रकट किया जा रहा है।

सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सामूहिक आयोजनों के लिए यह संस्थान एक आदर्श केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं कि इस मनोरंजन संस्थान को आधुनिक तकनीक एवं बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित रखा जाए, जिससे रेल परिवार के प्रत्येक सदस्य को स्वस्थ, सकारात्मक एवं आनंददायक वातावरण प्राप्त हो।