पूर्वोत्तर रेलवे: सीबीटी माध्यम से विभागीय पदोन्नति परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न
गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश के अनुसार पहली बार विभागीय पदोन्नति परीक्षा को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मॉड में टैबलेट के माध्यम से प्रथम चरण 13 दिसंबर, 2025 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के जूनियर इंजीनियर के पदोन्नति कोटे की 10 कैटेगरी की परीक्षा कराई गई। इसमें लगभग 500 उम्मीदवारों ने भाग लिया।
दूसरा चरण 26 से 28 दिसंबर, 2025 तक भी सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के पदोन्नति कोटे एवं एलडीसीई कोटे की 15 कैटेगरी की परीक्षा कराई गई, जिसमें लगभग 2,100 उम्मीदवारों ने पूर्वोत्तर रेलवे के चार परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक चयन में भाग लिया। यह पहल न केवल तकनीकी नवाचार का उदाहरण है, बल्कि पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
अभी तक विभागीय परीक्षायें पारम्परिक लिखित माध्यम से आयोजित होती रही हैं, जिनमें प्रश्नपत्रों की छपाई, वितरण, मूल्यांकन एवं परिणाम घोषित करने में काफी समय लगता था। टैबलेट आधारित सी.बी.टी. प्रणाली ने इन सभी प्रक्रियाओं को सरल, तेज एवं अधिक भरोसेमंद बना दिया है। परीक्षा के आयोजन से लेकर मूल्यांकन तक पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से मानवीय त्रुटियों की सम्भावना न्यूनतम हो गई है। इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों को भी कई लाभ हुये हैं। टैबलेट पर प्रश्नों का स्पष्ट प्रदर्शन, समय की सटीक गणना एवं निष्पक्ष मूल्यांकन ने परीक्षार्थियों में विश्वास बढ़ाया है। साथ ही, परीक्षा का आयोजन टैबलेट मोड में किये जाने से परिणाम शीघ्र उपलब्ध होंगे, जिससे पदोन्नति से सम्बन्धित कार्यवाही समय पर सुनिश्चित होगी।
यह तकनीक डिजिटल इंडिया और पेपरलेस गवर्नेस की सोच के अनुरूप है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि संसाधनों की बचत एवं प्रशासनिक कार्यकुशलता को भी बढ़ावा देती है। सीमित संसाधनों में बड़े स्तर पर परीक्षा आयोजन की यह क्षमता भविष्य में अन्य परीक्षाओं के लिये भी एक प्रेरक मॉडल बन सकती है। रेलवे प्रशासन की यह उपलब्धि दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग से सरकारी संस्थान नवाचार एवं सुधार की नई मिसाल कायम कर सकते हैं। पूर्वाेत्तर रेलवे का यह प्रयास कर्मचारियों के विकास एवं रेल की कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार के निर्देशन में मुख्यालय/मंडलों तथा अन्य इकाईयों के अधिकारियों के साथ समन्वय एवं योजना के कारण विभागीय पदोन्नति परीक्षा को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबी) मॉड में टैबलेट के माध्यम से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

