अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग पर 1603 यात्रियों के विरुद्ध दंडात्मक सख्त कार्रवाई

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक/झाँसी अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में झांसी मंडल में ट्रेन संचालन के दौरान बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग (#ACP) की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए निरंतर और व्यापक जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

इन अभियानों के तहत 1 अप्रैल 2025 से 15 नवंबर 2025 की अवधि में कुल 1603 मामलों में यात्रियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई और सभी से नियमानुसार अर्थदंड वसूला गया।

रेल सुरक्षा बल (#RPF) एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त औचक निरीक्षण अभियानों के दौरान इन 1603 मामलों में संबंधित व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध रेल अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

Advertisements

इस दौरान कुल ₹4,79,470 (चार लाख उन्यासी हजार चार सौ सत्तर रुपये) का अर्थदंड वसूल किया गया।

झाँसी मंडल में अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं पर मंडल स्तर से सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि गाड़ियों की समयबद्धता, परिचालन सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि बिना आवश्यक कारण के अलार्म चेन खींचने से बचें, क्योंकि अनावश्यक एसीपी न केवल रेलगाड़ियों की समयपालन क्षमता को बाधित करती है, बल्कि इसके कारण अन्य यात्रियों को भी बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ता है।