अधिकारियों का iGOT प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे, प्रधान कार्यालय, सूबेदारगंज, प्रयागराज के अरावली सभागार में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा के मार्गदर्शन में 25.11.2025 को अधिकारियों के प्रशिक्षण का एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि, रेलवे में कार्यरत सभी अधिकारियों को #iGOT का कोर्स पूरा करना अनिवार्य है। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने आठ कोर्स डिजाइन किए है, जिसमें से तीन कोर्स सभी अधिकारियों के लिए अनिवार्य हैं, शेष पांच कोर्स में से कम से कम दो कोर्स पूरा करना, अर्थात 50% से ज्यादा कोर्स पूरा करना सभी अधिकारियों के लिए अनिवार्य है।
यह कोर्स अधिकारियों के वार्षिक निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट (एपीएआर) में स्वत: दर्ज हो जाएगा, जो अधिकारी इस कोर्स को पूरा नहीं करेंगे, उनकी वार्षिक निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट भरते समय उनका परफॉरमेंस देखा जाएगा।
इस विषय पर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर मध्य रेलवे के सभी विभागों के अधिकारियों एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर में सहायक कार्मिक अधिकारी लवकुश द्वारा सभी अधिकारियों को इस संबंध में सभी जानकारी प्रदान की गई।
इसमें यह भी बताया गया कि सभी अधिकारी के iGOT पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नम्बर एवं ईमेल आईडी और परिचय पोर्टल में दर्ज मोबाइल नम्बर एवं ईमेल आईडी समान होना चाहिए। यदि नहीं है, तो प्रोफाइल कैसे अपडेट किया जाए, इसकी जानकारी दी गई, ताकि अधिकारियों द्वारा iGOT पोर्टल पर पूरा किया गया कोर्स वार्षिक निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट में स्वत: दर्ज हो जाए, अन्यथा दूसरे मोबाइल नम्बर एवं ईमेल आईडी से किया गया कोर्स वार्षिक निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट में स्वतः दर्ज नहीं होगा, और उनकी मार्किंग कम हो जाएगी।

