रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की, यात्रियों से सीधे संवाद किया

नई दिल्ली: रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, अश्विनी वैष्णव ने 21 अक्टूबर 2025 की शाम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।

रेलमंत्री ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर स्थित नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया, जहाँ से पूरे स्टेशन की निगरानी की जाती है। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 12/13 पर यात्रियों से सीधे संवाद किया।

इसके अलावा, उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर अमृत भारत एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी के यात्रियों से भी बातचीत की और उनकी यात्रा के अनुभव तथा सुझावों को जाना।

Advertisements

इसके बाद, उन्होंने “यात्री सुविधा केंद्र” (होल्डिंग एरिया) का निरीक्षण किया और वहाँ यात्रियों से रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर प्रतिक्रिया और फीडबैक प्राप्त की।

मीडिया से बातचीत करते हुए श्री वैष्णव ने कहा, “भारतीय रेल ने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं कि यात्रियों को भारी भीड़ के बावजूद कोई असुविधा न हो। 12 लाख रेलवे कर्मचारी दिन-रात यात्रियों की सेवा में लगे हुए हैं।”

चेयरमैन/रेलवे बोर्ड सतीश कुमार, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान रेलमंत्री के साथ उपस्थित थे।

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव खुद वॉर रूम की करते रहे मॉनिटरिंग

  • देशभर के रेलवे स्टेशनों पर पल-पल की नजर
  • कोई यात्री दीपावली मनाने से वंचित न रह जाए, इस पर पूरा फोकस

नई दिल्ली: देशवासी दीपावली का महान पर्व अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी मना सके, इसके लिए भारतीय रेल के 12 लाख से अधिक कर्मचारी 24 घंटे काम कर रहे हैं। दीपावली के दिन रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव रेल भवन स्थित वार रुम से पूरे देश की ट्रेनों की निगरानी करते हुए दिखे। चेयरमैन/रेलवे बोर्ड सतीश कुमार भी मौजूद रहे।

उन्होंने पूर्वोत्तर रेल, पूर्व मध्य रेल तथा पूर्व रेल के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करके सभी ट्रेनों को समय पर पहुंचाने संबंधी निर्देश दिया।

पिछले कई दिनों से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 24 घंटे मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कल देर रात रेलमंत्री ने दिल्ली के सबसे व्यस्ततम रेलवे स्टेशन आनंद विहार का दौरा किया और यात्री सुविधाओं से जुड़ी हुई हर बात का निरीक्षण किया। इसके साथ ही यात्रियों से बात भी की।

दीपावली के दिन रेल मंत्रालय में पूरी टीम के साथ रेलमंत्री वार रूम में डटे रहे। वह देशभर के मुख्य रेलवे स्टेशनों पर नजर रखे रहे। रेलवे का प्रयास है कि सभी रेल यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान की जाएं। कोई भी यात्री परेशान न हो और अपनी मंजिल पर समय से पहुंच जाए।