July 25, 2024

बजट 2024-25 के मुख्य बिंदु-झांसी मंडल को मिला पर्याप्त आवंटन

प्रयागराज ब्यूरो: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बुधवार, 24 जुलाई को ऑनलाइन माध्यम से रेल बजट में भारतीय रेल के सभी प्रदेशों के लिए बजट आवंटन से संबंधित प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। रेलमंत्री ने क्षेत्रीय स्तर पर आवंटन के बारे में जानकारी प्रदान की, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक झाँसी दीपक कुमार सिन्हा द्वारा मंडल को आवंटित बजट से सम्बंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

#Episode38: रेलवे को आवंटित बजट पर चर्चा-इसमें विशेष क्या है!

रेलमंत्री ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा संरक्षा प्रणाली पर जोर देते हुए “कवच 4.0” वर्जन को एक बड़े बजट के साथ सम्पूर्ण भारतीय रेल में संस्थापित की जाएगी, ताकि भारतीय रेल में संरक्षा स्तर की बढ़ोतरी में एक नया बेंचमार्क तैयार हो सके। उन्होंने आगे बताया भारत के सबसे अधिक जनसँख्या वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश को इस बचत में रिकॉर्ड ₹19848 करोड़ बजट आबंटित किया गया है जो आज तक का सबसे अधिक बजट है, और वर्ष 2004 से 2014 के मध्य आवंटित किए गए ₹1109 करोड़ से 18 गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में पिछले 10 वर्षों में लगभग 5000 किलोमीटर नयी लाइन बिछाई गई है, जो कि स्विट्ज़रलैंड जैसे देशों के सम्पूर्ण रेल नेटवर्क के बराबर है।

इसमें मुख्य बिन्दुओं के रूप में झाँसी मंडल से सम्बंधित निम्नलिखित आबंटन सम्मिलित रहे-

  • भारत सरकार के द्वारा स्वीकृत बजट 2024-25 मे झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे को विभिन्न परियोजनाओं के लिए कुल ₹2202.46 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है, जो पिछले वर्ष के बजट ₹2045.09 करोड़ से 7.69% अधिक है। जिसमें मुख्यतः
  • आमान परिवर्तन के लिए ₹263.00 करोड़
  • दोहरीकरण के लिए ₹992.96 करोड़
  • यातायात सुविधाओं के लिए ₹100.7 करोड़
  • सड़क संरक्षा कार्यों के लिए ₹91.36 करोड़
  • रेल पथ के नवीनीकरण हेतु ₹210.08 करोड़
  • पुल संबंधी कार्यों के लिए ₹74.75 करोड़
  • सिग्नलिग कार्यों के लिए ₹12.00 करोड़,
  • बिजली संबंधी कार्यों के लिए ₹90.39 करोड़
  • कारखानों हेतु ₹8.00 करोड़
  • कर्मचारी कल्याण के कार्यों के लिए ₹3 करोड़
  • उपभोक्ता सुविधाओं के लिए ₹344.19 करोड़ प्राप्त हुए हैं।

रेलवे स्टेशनों के साथ, गिट्टी रहित ट्रैक, त्वरित जल व्यवस्था प्रणाली की स्थापना, गुड्स शेड्स में अवसंरचना के उन्नयन एवं आधुनिकीकरण, स्टेशनों के उन्नयन हेतु उपभोक्ता सुविधाओं के अंतर्गत प्रमुख उन्नयन, रेलवे प्लेटफार्मों पर लिफ्ट्स तथा एक्स्क्लेटर, सीवेज ट्रीटमेंट संयंत्र, स्टेशनों पर लिफ्टों के प्रावधान तथा दिव्यांगजन एवं अन्य यात्रियों की सुविधाओं के लिए बजट में प्रावधान है।

  • मंडल के अंतर्गत बन रहे ललितपुर-बिरारी (15.80 किमी) फ्लाईओवर के साथ लाइन हेतु ₹225 करोड़
  • झांसी-मानिकपुर और भीमसेन-खैरार हेतु ₹950 करोड़ का आवंटन किया गया है।
  • ग्वालियर-शयोपुर कला अमान परिवर्तन कोटा तक विस्तारीकरण सहित के लिए बजट में ₹500 करोड़ आवंटित किए गए हैं। मथुरा-झांसी तीसरी लाइन के लिए ₹365.58 करोड, झांसी-बीना तीसरी लाइन के लिए ₹102 करोड़ का आवंटन हुआ है।

बजट 2024-25 में झांसी मंडल को प्राप्त बजट के बारे में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि बजट में झांसी मंडल के विकास कार्यों में और तेजी आएगी। मंडल के अवसंरचना कार्यों दोहरीकरण, स्टेशन विकास, ROB/RUB के कार्य भी तेज गति से होंगे।

बजट आवंटन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ग्वालियर तथा खजुराहो स्टेशन के पुनर्विकास के कार्य में तेजी आएगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास हेतु चयनित। मुरैना, दतिया, डबरा, भिंड, ललितपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, महोबा, बाँदा, चित्रकूट, हरपालपुर, ओरछा, घाटमपुर, उरई तथा पुखरायां स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य को भी सम्मिलित किया गया है ।

झाँसी मंडल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता लाइव स्ट्रीमिंग में मंडल रेल प्रबंधक सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) विवेक मिश्र, वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, मुख्य प्रचार निरीक्षक प्रदीप सुडेले, वरिष्ठ जनसंपर्क निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र उपस्थित रहे।