December 1, 2023

झाँसी मंडल: सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मियों की समापन भुगतान के साथ ससम्मान विदाई

प्रयागराज ब्यूरो: अपर मंडल रेल प्रबंधक/झाँसी विवेक मिश्र के मार्गदर्शन एवं बृजेश कुमार चतुर्वेदी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी की अध्यक्षता में झाँसी मंडल में 30.11.2023 को सेवानिवृत्त हुए 29 रेल कर्मचारियों को समापन भुगतान प्रपत्र, सेवा प्रमाणपत्र एवं मेडल वितरण हेतु समापन समारोह का आयोजन मंडल कार्यालय सभागार में किया गया।

झाँसी मंडल में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को NEFT के माध्यम से ₹6.77 करोड़ समापन भुगतान किया गया एवं सभी सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को ऑनलाइन पेंशन पेमेंट आर्डर जारी किए गए। समारोह का उद्घाटन विवेक मिश्र के संबोधन से हुआ। उन्होंने सभी सेवानिवृत रेल कर्मचारियों के सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का संचालन जी पी मिश्र, मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा किया गया।

सेवानिवृत्ति पर देय सेवा प्रमाण पत्र, पेंशन पेमेंट आर्डर एवं मेडल वितरण करने के पश्चात अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को भारतीय रेल में उनकी लम्बी अवधि की सफलतम सेवा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। सेवानिवृत हुए कर्मचारियों को विदाई देते हुए उन्होंने उनके और उनके परिवारों के सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

उन्होंने सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को यह भी आश्वासन दिया कि उनकी सेवानिवृत्ति के बाद भी वे रेल परिवार का हिस्सा रहेंगे। समारोह के समापन पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बृजेश कुमार चतुर्वेदी ने सभी उपस्थितों का आभार व्यक्त किया। समारोह में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक संतोष कुमार तथा सेटलमेंट अनुभाग के सभी सहयोगी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।