June 21, 2022

वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर लिफ्ट एवं एकीकृत जनसूचना प्रणाली का शुभारंभ

प्रयागराज ब्यूरो: झांसी नगर के विकास की गाथा में भारतीय रेल का महत्वपूर्ण योगदान है। झांसी में रेल के आगमन के लगभग 140 वर्षों के इतिहास में भारतीय रेल ने इस शहर को संपूर्ण राष्ट्र और बड़े शहरों के साथ पूरे विश्व से जोड़ा है। झांसी स्टेशन के विकास और इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाकर अपने सम्मानित यात्रियों को सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए भारतीय रेल सदैव तत्पर है।

इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन (झांसी स्टेशन) के प्लेटफोर्म सं. 4-5 पर ₹22 लाख की लागत से लगाई गई लिफ्ट, जिसकी क्षमता 15 व्यक्ति या 1020 किलोग्राम वजन है, रेलवे द्वारा यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों की कड़ी में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्टेशन आने वाले दिव्यांग, वृद्ध एवं अशक्त यात्रियों सहित अन्य यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।

इसके अतिरिक्त झांसी स्टेशन पर ₹85 लाख की लागत से एकीकृत जनसूचना प्रणाली स्थापित की गई है, जिसके अंतर्गत कोच इंडिकेशन बोर्ड तथा ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड की एकीकृत ऐसी प्रणाली है, जिसमें स्टेशन पर गाड़ियों के आवागमन की सूचना के साथ-साथ उनके कोचों की वास्तविक स्थिति को दर्शाया जाता है। इससे यात्रियों को अपनी गाड़ी और कोच की जानकारी सुलभ होती है।

इसके अंतर्गत जो कोच इंडिकेशन बोर्ड तथा ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड स्टेशन पर प्रतिस्थापित किए गए हैं, वे आरडीएसओ के नए मानक पर आधारित हैं। ये सफेद चमकीले रंग में ट्रेनों और कोचों की जानकारी को प्रदर्शित करते हैं। इन्हें यात्रीगण काफी दूर से आसानी से देखकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते है।

उपरोक्त दोनों स्थापनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ स्थानीय सांसद डॉ अनुराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर डीआरएम/झांसी आशुतोष के साथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) रघुनाथ सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित, स्टेशन डायरेक्टर नीरज भटनागर, मंडल इंजीनियर (मुख्यालय) चंद्रजीत सिंह सारंग, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर जी. आर. राजपूत, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित स्टेशन प्रबंधक और अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।