April 10, 2022

वर्ष 2021-22 में पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा किए गए यात्री सुविधाओं के विभिन्न कार्य

गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन यात्री सुविधाओं के उन्नयन के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। वर्ष 2021-22 में 31 मार्च, 2022 तक रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं के विभिन्न कार्यों को पूर्ण किया गया है।

भारतीय रेल के 75 व्यस्तम रेलवे स्टेशन पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे पर मार्च, 2022 तक 20 स्टेशनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराये जा चुके हैं। वर्ष 2021-22 के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के 11 स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज फहराये गए।

यात्री सुविधाओं के अंतर्गत वर्ष 2021-22 के दौरान बड़ी लाइन पर एक एक्सप्रेस तथा दो मेमू ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके अतिरिक्त मीटर गेज पर सवारी गाड़ी चलायी गयी। खलीलाबाद स्टेशन पर दो एवं बस्ती स्टेशन पर दो तथा छपरा स्टेशन पर एक लिफ्ट सहित कुल पांच लिफ्ट लगाने का कार्य पूरा किया गया है। इसके अतिरिक्त बलिया स्टेशन पर दो अदद एस्केलेटर लगाये गये हैं।

विभिन्न स्टेशनों पर 36 उच्चतल प्लेटफार्म का कार्य पूरा किया गया है तथा 6 सड़क उपरिगामी पुलों का निर्माण किया गया है। रेल प्रशासन द्वारा ट्रेनों के सुगम आवागमन एवं समपारों पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु बड़ी लाइन के विभिन्न खंडों पर 103 तथा मीटर गेज खंड पर 4 मानव समपारों को समाप्त किया गया।

स्थानीय जनता के आवागमन की सुविधा एवं दुर्घटनाओं से बचाव हेतु पूर्वोत्तर रेलवे पर 31 मार्च, 2022 तक कुल 71 रोड अंडर ब्रिज/सीमित ऊंचाई के सब-वे का निर्माण किया गया। इसी क्रम में आगे 16 सीमित ऊंचाई का सब-वे निर्माण की प्रक्रिया में है तथा 9 अन्य सीमित ऊंचाई के सब-वे के निर्माण हेतु योजना प्रस्तावित है।

इसके अतिरिक्त सरजू कैनाल नेशनल प्रोजेक्ट के अंतर्गत सिचाई सुविधाओं के लिए आनंदनगर-गोंडा खंड के 4 नये पुलों का निर्माण किया गया तथा गोंडा-लखनऊ के मध्य पुल सं. 406 के गर्डरों में क्रैक होने के कारण उन्हें पुल कारखाना, गोरखपुर छावनी में निर्मित नये गर्डरों से बदला गया है।

इस वर्ष गोरखपुर में सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 500 लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम का निर्माण पूरा किया गया है। इसके अतिरिक्त रेल प्रशासन द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को और उन्नत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।