November 20, 2021

झांसी मंडल यात्री सुविधाओं के विकास एवं रेल राजस्व में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयत्नशील है -आशुतोष, डीआरएम/झांसी

झांसी मंडल की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 173वीं बैठक संपन्न

मंडल कार्यालय झांसी में गुरुवार, 18.11.21 को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) सत्र 2020-21 की प्रथम बैठक मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित के संबोधन के साथ हुई। श्री दीक्षित ने सर्वप्रथम मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष, समिति के सदस्यों एवं रेल अधिकारियों का स्वागत किया।

बैठक के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना काल को देखते हुए डीआरयूसीसी बैठक करना संभव नहीं हो सका, अतः खेद है कि समिति की प्रथम बैठक में परिस्थितिवश कुछ विलंब हुआ। उन्होंने बताया कि झांसी मंडल उत्तर मध्य रेलवे का सबसे बड़ा व महत्वपूर्ण मंडल है। यह मंडल देश के उत्तरी भाग को दक्षिणी भाग एवं पूर्वी भाग को पश्चिमी भाग से जोड़कर रेलों के पारगमन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है।

173rd #DRUCC meeting of Jhansi Division

उन्होंने कहा कि झांसी मंडल यात्री सुविधाओं के विकास के साथ-साथ रेल राजस्व में बढ़ोत्तरी के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में अप्रैल से अक्टूबर तक की अवधि में यात्री परिवहन से मंडल ने ₹291.48 करोड का राजस्व प्राप्त किया है, जो गत वर्ष समान अवधि से प्राप्त राजस्व ₹55.79 करोड से 422.46 प्रतिशत अधिक है।

माल यातायात संदर्भ में बात करते हुए उन्होंने कहा कि झांसी मंडल ने ₹449.33 करोड का राजस्व प्राप्त किया है, जो कि गत वर्ष इसी अवधि में प्राप्त राजस्व ₹360.39 से 24.68 प्रतिशत अधिक है।

उन्होंने बताया कि अन्य कोचिंग आय से ₹51.78 करोड का अर्जन किया गया, जो गत वर्ष की इसी अवधि में प्राप्त अर्जन ₹08.03 करोड से 158.66 प्रतिशत अधिक है।

टिकट चैकिंग के पेनाल्टी मामलों से ₹10.58 करोड का राजस्व अर्जित किया गया है, जो गत वर्ष में प्राप्त राजस्व ₹1.40 लाख से अधिक है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में झांसी मंडल की समस्त स्रोतों में आय ₹764.71 करोड है, जो कि गत वर्ष की प्राप्त आय ₹436.02 करोड़ से 75.38 प्रतिशत अधिक है।

पर्यावरण के प्रति कृत संकल्प झांसी मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 में मंडल की इकाईयों द्वारा रूफ टॉप संस्थापन आदि के माध्यम से कुल 61.28 लाख यूनिट से अधिक सौर ऊर्जा का उत्पादन किया गया, जिसके फलस्वरूप  कुल ₹2.44 करोड़ से अधिक रेल राजस्व की बचत हुई।

उन्होंने मंडल में उपलब्घ यात्री सुविधाओं के बारे में विस्तार से नवीनतम् जानकारी दी तथा निकट भविष्य में झाँसी स्टेशन और अन्य स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण, आधुनिकीकरण आदि से संबंधित जानकारी भी दी I

इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित ने पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों एवं यात्री सुविधाओं को विस्तार से समीति के समक्ष प्रस्तुत किया। तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों से सुझाव प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

इस बैठक में 27 में से कुल 20 सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों में हरीश मेवाफरोश, प्रदीप तिवारी, नीति शास्त्री, संजीव अग्रवाल, वसंत अग्रवाल, आशीष कुमार मिश्र, प्रदीप कुमार गर्ग, राहुल अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, सुरेश कुमार कौन्तेय, नीरज श्रीवास्तव, प्रमोद तिवारी, सुरेन्द्र नारायण, चंद्रप्रकाश मिश्र, देवेन्द्र गुप्ता, जिनेन्द्र जैन, विनोद नायक, संजीव अग्रवाल, राज कन्तेश वर्मा एवं संजय वाल्मीकि उपस्थित रहे I

सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा यात्री सुविधाओं में विकास संबंधित परामर्श मंडल प्रशासन के समक्ष रखे।

समिति के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष द्वारा उक्त सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर यथासंभाव पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में नवीन दीक्षित वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समिति के सचिव), अखिल शुक्ल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय), डॉ. रविन्द्र प्रसाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, शशिकान्त त्रिपाठी वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, निर्मोद कुमार वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (समन्वय), शोभनाथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (मध्य), करुणेश श्रीवास्तव वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू), रघुनाथ सिंह वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर, मंडल सुरक्षा आयुक्त आलोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समिति के सचिव नवीन दीक्षित, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा समिति के सभी उपस्थित सदस्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।

#DRM #Jhansi #NorthCentralRailway