October 18, 2021

राजस्व अर्जन में झांसी मंडल का प्रदर्शन काफी उत्साहजनक रहा है -आशुतोष, डीआरएम/झांसी

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में मंडल रेल प्रबंधक, झांसी आशुतोष ने हाल ही में मीडिया को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मंडल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में अर्जित की गई उपलब्धियों एवं भविष्य कि कार्य योजनाओं की जानकारी दी।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि झांसी मंडल भारतीय रेल के सबसे महत्वपूर्ण मंडलों में से एक है। झांसी मंडल में लगभग 272 मेल/एक्सप्रेस तथा 24 यात्री गाड़ियां वर्तमान में चल रही हैं। कोरोना से पूर्व 288 मेल/एक्सप्रेस गाड़ियां का संचालन होता था। शीघ्र ही मंडल द्वारा संचालित शेष यात्री गाड़ियों का भी संचालन प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के दौरान मंडल ने 26 बार मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का समयपालन 100% हासिल रहा। उन्होंने कहा कि यह किसी भी वर्ष में इस अवधि के दौरान मंडल का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है।

भारतीय रेल के सबसे व्यस्ततम रेल मार्गों में से एक होने के बावजूद भी झांसी मंडल ने अपने रखरखाव संबंधी गतिविधियों को पूरी क्षमता से जारी रखते हुए संरक्षा के प्रदर्शन को और बेहतर किया है।

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने बताया कि राजस्व अर्जन में भी हमारा प्रदर्शन काफी उत्साहजनक रहा है और हमने वितीय वर्ष 2021-22 के अप्रैल से सितंबर के दौरान कोचिंग से लगभग 240 करोड़ रुपये और माल लदान से 377.28 करोड़ रुपये अर्जित कर कुल 642.88 करोड़ रुपये अर्जित किए हैं। इस दौरान हमने कई नई वस्तुओं जैसे- फ्लाई एश, खाद्य तेल, बालू, चीनी, ज्वार आदि का लदान भी प्रारम्भ किया है।

“संरक्षा ही प्राथमिकता” के लक्ष्य के साथ काम करते हुए झांसी मंडल ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में सितंबर माह तक 3 लेवल क्रासिंगों को बंद कर दिया है। साथ ही आम जनता की सुविधा के दृष्टिगत सितंबर माह तक 5 अन्य लेवल क्रासिंग को बंद किए जाने का कार्य चल रहा है।

उन्होने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत झाँसी मंडल में “मेरी सहेली” अभियान के अंतर्गत महिला टीमों का गठन किया गया है। जिसके द्वारा प्रतिदिन 25-26 रेलगाड़ियों में महिलों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र कार्य करते हुए सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। झांसी मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान अब तक कुल 719652 यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इससे लगभग ₹2164348 की बचत हुई है।

अप्रैल से सितंबर माह तक झांसी मंडल ने 3 जोड़ी गाड़ियों के ट्रैक्शन में परिवर्तन करते हुए डीजल ट्रैक्शन से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से परिवर्तित किया। इस परिवर्तन से एक ओर हाई स्पीड डीजल की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर समयपालन में भी सुधार होगा और पर्यावरण भी संरक्षित होगा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि ब्रांच लाइनों जैसे महोबा-खजुराहो, बिरलानगर-उदिमोर खंडों का विद्युतीकरण किया जा चूका है। अब मंडल में मात्र खजुराहो-उदयपुरा खंड को छोड़कर पूरा मंडल विद्युतिकृत हो गया है। उम्मीद है कि खजुराहो-उदयपुरा खंड, जिसका कार्य प्रगति पर है, सहित इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा झांसी मंडल विद्युतिकृत हो जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि कोविड महामारी के दृष्टिगत झांसी मंडल में मंडल चिकित्सालय, झांसी में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। यहां मरीजों की सुविधा हेतु लिफ्ट स्थापित कर दी गई है। इसके अलावा आरटी-पीसीआर टेस्ट हेतु मशीन का स्थापन किया गया है। आईसीएमआर द्वारा अधिकृत करने के बाद यहां टेस्ट शुरू किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि झांसी मंडल में झांसी-आगरा खंड को छोड़कर सभी खंडों पर मैमू ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेनें बहुत स्विफ्ट मूवमेंट से चलती हैं।

आधारभूत अवसंरचनात्मक कार्यों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि झांसी-बबीना के बीच तीसरी लाइन पर संचालन प्रारम्भ हो चुका है। बबीना से बसई तथा बिजरौठा से ललितपुर के बीच तीसरी लाइन का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। झांसी से धौलपुर के बीच ग्वालियर-बानमोर तीसरी लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। डबरा से अनंतपेट के बीच इंजन से ट्रायल कर लिया गया है।

झांसी से भीमसेन के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य में चौंराह से मलासा के बीच 19 किमी खंड पर रेल संचालन प्रारंभ हो चुका है। नंदखास-मोठ-एरच रोड-परौना खंड पर शीघ्र ही दोहरीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

मंडल द्वारा पिछली छमाही में विभिन्न खंडों में 10 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। संरक्षा की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण एवं अत्याधुनिक सिग्नल्लिंग प्रणाली है, जिससे गाड़ियों का संचालन सुगम हो जाता है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक के साथ मंच पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा अमित सेंगर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक प्रदीप सुडेले उपस्थित रहे।