भारतीय रेल द्वारा 11,127 सहायक लोको पायलट पदों हेतु आवेदन आमंत्रित

रेलवे का वार्षिक भर्ती कैलेंडर अभ्यर्थियों के लिए रोजगार अवसरों को सुदृढ़ करता है

मध्य रेल के सोलापुर मंडल द्वारा अभ्यर्थियों का ध्यान रेलवे भर्ती बोर्डों (#आरआरबी) द्वारा जारी केंद्रीकृत रोजगार सूचना (सीईएन) संख्या 01/2026 के अंतर्गत भारतीय रेल में सहायक लोको पायलट (#एएलपी) के पदों पर भर्ती हेतु जारी संकेतात्मक सूचना की ओर आकर्षित किया जाता है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से प्रारंभ होगी तथा 14 जून 2026 (23:59 बजे) तक खुली रहेगी। अभ्यर्थियों को अपने आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों अथवा सीधे आधिकारिक भर्ती पोर्टल (https://www.rrbapply.gov.in) के माध्यम से ही प्रस्तुत करने होंगे। भारतीय रेल के सभी जोनों में कुल 11,127 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं।

Advertisements

आवेदकों हेतु महत्वपूर्ण निर्देश:

  • अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार के माध्यम से अपने प्राथमिक विवरण का सत्यापन करें, जिससे गैर-आधार सत्यापित आवेदनों में प्रत्येक चरण पर विस्तृत जांच के कारण होने वाली देरी से बचा जा सके।
  • आधार में अंकित नाम एवं जन्मतिथि 10वीं कक्षा के प्रमाणपत्र में अंकित विवरण से पूर्णतः मेल खाने चाहिए। आवेदन से पूर्व आधार में नवीनतम फोटो एवं बायोमेट्रिक विवरण अद्यतन होना चाहिए।
  • यह सूचना केवल संकेतात्मक है, जिसका उद्देश्य संभावित अभ्यर्थियों को अवगत कराना एवं आवश्यक प्रमाणपत्रों/दस्तावेजों के साथ तैयार रहने हेतु प्रेरित करना है। विस्तृत पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तें सीईएन संख्या 01/2026 (तथा समय-समय पर जारी संशोधनों सहित) आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर प्रकाशित की जाएंगी।

अभ्यर्थी संबंधित आरआरबी वेबसाइटों जैसे अहमदाबाद, अजमेर, बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, बिलासपुर, चंडीगढ़, चेन्नई, गोरखपुर, गुवाहाटी, जम्मू-श्रीनगर, कोलकाता, मालदा, मुंबई, मुजफ्फरपुर, पटना, प्रयागराज, रांची, सिकंदराबाद, सिलीगुड़ी एवं तिरुवनंतपुरम के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक आरआरबी वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारी पर ही विश्वास करने तथा दलालों, बिचौलियों एवं नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों से सावधान रहने की कड़ी सलाह दी जाती है। नवीनतम जानकारी हेतु अभ्यर्थी नियमित रूप से आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों का अवलोकन करते रहें।

भारतीय रेल का वार्षिक भर्ती कैलेंडर–एक महत्वपूर्ण सुधार

प्रणालीगत सुधारों के अंतर्गत, रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 से ग्रुप ‘सी’ पदों हेतु वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया गया है। इस पहल से अभ्यर्थियों को निम्नलिखित प्रमुख लाभ प्राप्त हो रहे हैं:

  • अभ्यर्थियों के लिए अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध होना
  • प्रत्येक वर्ष नव-पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित करना
  • परीक्षा कार्यक्रमों में निश्चितता एवं पूर्वानुमेयता लाना
  • भर्ती, प्रशिक्षण एवं नियुक्ति प्रक्रिया को तीव्र बनाना
    यह सुव्यवस्थित व्यवस्था भारतीय रेल की पारदर्शिता, दक्षता एवं अभ्यर्थी-अनुकूल भर्ती प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सहायक लोको पायलट की भर्ती भारतीय रेल के परिचालन दक्षता, सुरक्षा एवं क्षमता विस्तार को सुदृढ़ करने के सतत प्रयासों का एक महत्वपूर्ण अंग है। यह पहल आधारभूत संरचना विकास, आर्थिक प्रगति एवं रोजगार सृजन के व्यापक राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी समर्थन प्रदान करती है तथा तीव्र गति से आधुनिकीकरण की दिशा में अग्रसर भारतीय रेल की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करती है।