मध्य रेल, नागपुर मंडल के आमला-नागपुर खंड का जीएम ने किया संरक्षा निरीक्षण
मुंबई : विवेक कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक, मध्य रेल ने 24 दिसंबर 2025 को नागपुर मंडल के आमला–नागपुर खंड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान परिचालन दक्षता, सुरक्षा मानकों तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आमला में निरीक्षण: आमला में निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने प्रमुख परिचालन और यात्री संबंधी सुविधाओं का निरीक्षण किया, जिनमें शामिल हैं-
- स्टेशन भवन, आवागमन क्षेत्र और यात्री सुविधाएं
- प्रतीक्षा कक्ष, वीआईपी कक्ष, जलपान कक्ष
- बुकिंग कार्यालय और पीआरएस काउंटर
- क्रू लॉबी और क्रू रनिंग रूम
- आरपीएफ पोस्ट और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था
- पैनल रूम और रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) इंस्टॉलेशन
- दुर्घटना राहत ट्रेन और दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (एआरटी/एआरएमई)
- रेलवे कॉलोनी और उप-मंडल अस्पताल
- टर्नआउट संख्या 142B और 143A सहित पॉइंट्स और क्रॉसिंग का निरीक्षण
आमला में, महाप्रबंधक ने क्रू बुकिंग लॉबी में ट्रेन मैनेजर और लोको पायलटों से बातचीत की और टिकट चेकिंग स्टाफ के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने आरपीएफ द्वारा की गई पहलों और अपराधों का पता लगाने और सुरक्षा के लिए अपनाए गए नवीन तरीकों की समीक्षा की।
जौलखेड़ा-मुलताई खंड पर एलएचएस का निरीक्षण: इसके पश्चात जौलखेड़ा-मुलताई खंड पर 889.45 किलोमीटर पर स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) संख्या 264 का निरीक्षण किया गया।
मुलताई में निरीक्षण: मुलताई में, महाप्रबंधक ने सिग्नल और दूरसंचार विभाग द्वारा प्रस्तुत जानकारी के साथ स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग रिले रूम और पावर रूम का निरीक्षण किया।
वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) स्टॉल पर एसी वेटिंग रूम और भैरवी आर्ट डिस्प्ले का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही गुड्स शेड, लेबर रूम और नागपुर मंडल से लोड किए गए सामानों के डिस्प्ले का भी निरीक्षण किया गया।
मुलताई-चिचोंड़ा खंड पर पुल का निरीक्षण: इसके बाद मुलताई और चिचोंड़ा के बीच स्थित पुल संख्या 912/1 (वर्धा पुल) का निरीक्षण किया गया, ताकि पुल की संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा की जा सके।
पांढुर्णा में निरीक्षण: पांढुर्णा में, स्टेशन के आवागमन क्षेत्र और सभी विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें संरक्षा संबंधी पहलों, तकनीकी प्रगति और पूरे मंडल में अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को प्रदर्शित किया गया।
महाप्रबंधक ने टीआरडी डिपो और ट्रैक्शन सब-स्टेशन (टीएसएस) का निरीक्षण किया, जहाँ निम्नलिखित संरक्षा और तकनीकी प्रदर्शन किए गए-
- टावर वैगन परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्च वोल्टेज डिटेक्टर का प्रदर्शन
- मंडल में संरक्षा बढ़ाने के लिए अपनाई गई विभिन्न निगरानी प्रणालियों का प्रदर्शन
- विश्वसनीयता और संरक्षा में सुधार के लिए तार की ऊंचाई और अंतर मापने हेतु एआई-आधारित ओएचई निगरानी प्रणाली का प्रदर्शन
महाप्रबंधक ने 2×25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम पर एक पुस्तिका भी जारी की।
महाप्रबंधक ने कर्व संख्या 34 का निरीक्षण, किलोमीटर 980/04-06 पर लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 282A9 विशेष श्रेणी) का निरीक्षण और कलंभ -कटोल खंड पर यूनिट संख्या 17 का निरीक्षण किया, जिसके बाद कटोल और कलमेश्वर के बीच (किलोमीटर 981.73 से 1018.58 तक) गति परीक्षण किया गया।
नागपुर: नागपुर में महाप्रबंधक ने मंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। श्री गुप्ता ने शाखा अधिकारियों से भी बातचीत की और रेल मंत्री द्वारा संरक्षा, रखरखाव, गुणवत्ता और प्रशिक्षण (एसएमक्यूटी) पर अधिक ध्यान देने के आग्रह को दोहराया। उन्होंने श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की और प्रेस से बातचीत की, जिसमें उन्होंने उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया।
हितधारकों और कर्मचारियों से बातचीत: निरीक्षण के दौरान, श्री विवेक कुमार गुप्ता ने स्वच्छता मानकों, रेल परिचालन की समयबद्धता और खंड में चल रहे रखरखाव और अवसंरचना उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
श्री गुप्ता ने माल ढुलाई ( फ्रेट) ग्राहकों से बातचीत कर लोडिंग क्षमता बढ़ाने और गैर-किराया राजस्व को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की।
महाप्रबंधक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की और उन्हें संरक्षा और विश्वसनीयता के उच्चतम मानकों के प्रति सतर्क और प्रतिबद्ध रहने की सलाह दी, साथ ही मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय और संरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
जन प्रतिनिधियों से बातचीत: महाप्रबंधक ने पांढुर्णा स्टेशन पर छिंदवाड़ा के सांसद विवेक साहू (बंटी साहू) और पांढुर्णा के विधायक नीलेश उइके से मुलाकात की। आमला स्टेशन पर महाप्रबंधक ने आमला के विधायक योगेश पंडाग्रे और मुलताई के विधायक चंद्रशेखर देशमुख से मुलाकात की।
महाप्रबंधक ने जनजातीय मामलों के मंत्रालय के राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के प्रतिनिधि के रूप में आए दीपक सलूजा से भी मुलाकात की।
महाप्रबंधक ने इन स्थानों पर जन प्रतिनिधियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने जमीनी स्तर के कर्मचारियों से बातचीत की और सुरक्षित रेल परिचालन, बुनियादी ढांचे की विश्वसनीयता और यात्री-केंद्रित सेवाओं के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने भारतीय रेलवे की छवि और यात्रियों की सुविधा में समग्र सुधार के लिए कार्यरत कर्मचारियों को उत्साहवर्धक सुझाव दिए।
विनायक गर्ग, मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर मंडल, मुख्यालय और नागपुर मंडल के प्रधान विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ उपस्थित थे।

