वंदे भारत ट्रेनों में स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे, सभी ट्रेनों में चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा
फर्जी खातों पर कार्रवाई से मिले सकारात्मक परिणाम: नए यूज़र आईडी बनना घटकर प्रतिदिन लगभग 5,000 रह गया, पहले यह संख्या एक लाख प्रतिदिन थी
3.03 करोड़ फर्जी खाते निष्क्रिय, 2.70 करोड़ और अस्थायी रूप से निलंबित या निलंबन हेतु चिन्हित
दिल्ली (पीआईबी): रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू भी उपस्थित थे।
रेलमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वंदे भारत ट्रेनों में उस क्षेत्र के स्थानीय व्यंजन उपलब्ध कराए जाएँ, जहाँ से ट्रेन गुजरती है। स्थानीय व्यंजनों की शुरुआत से यात्रियों का अनुभव काफी बेहतर होगा, क्योंकि इससे उन्हें क्षेत्र की संस्कृति और स्वाद से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय व्यंजनों में उपयोग होने वाली सामग्री का बाजार बढ़ेगा। भविष्य में इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से सभी ट्रेनों में विस्तारित किया जाएगा।
रेलमंत्री ने यह भी कहा कि फर्जी पहचान के माध्यम से ट्रेन टिकट बुकिंग के खिलाफ भारतीय रेल की कार्रवाई से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उपयोगकर्ता की पहचान स्थापित करने और फर्जी आईडी का पता लगाने के लिए सख्त प्रणाली लागू किए जाने के बाद अब आईआरसीटीसी वेबसाइट पर प्रतिदिन केवल लगभग 5,000 नए यूज़र आईडी ही बनाए जा रहे हैं। हालिया सुधारों से पहले यह संख्या प्रतिदिन लगभग एक लाख तक पहुँच गई थी।
इन कदमों से अब तक भारतीय रेल 3.03 करोड़ फर्जी खातों को निष्क्रिय कर चुकी है। इसके अलावा 2.70 करोड़ यूज़र आईडी या तो अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं या फिर उन्हें संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर निलंबन के लिए चिन्हित किया गया है।
रेलमंत्री और राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टिकटिंग प्रणाली में ऐसे सुधार सुनिश्चित किए जाएँ, जिससे सभी यात्री वास्तविक और प्रामाणिक यूज़र आईडी के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकें।
टैंक कंटेनर की लोडेबिलिटी में नवाचार की सराहना
रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में टैंक कंटेनर की लोडेबिलिटी में नवाचार की सराहना की।
रेलमंत्री ने बैठक में नवाचार को बढ़ावा देना, नीतियों में सुधार करना तथा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लचीली मूल्य निर्धारण प्रणाली अपनाना प्रमुख एजेंडा रहा।
रेलमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेलवे में माल ढुलाई (फ्रेट लोडिंग) के क्षेत्र में इस प्रकार के और अधिक नवाचार किए जाएँ।
टैंक कंटेनरों की लोडेबिलिटी में नवाचार
भारतीय रेल एवं कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (#CONCOR) ने 20 फीट टैंक कंटेनरों के डिजाइन में नवाचार की पहल की है, जिससे उसकी लोडेबिलिटी 26 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 31 मीट्रिक टन की हो गई है। यह सुधार कंटेनरों के डिजाइन, ऊँचाई तथा संरचना में आवश्यक संशोधन करके संभव हुआ है।
इन उन्नत टैंक कंटेनरों के सफल परीक्षण (ट्रायल) किए जा चुके हैं तथा उच्च क्षमता वाले ये कंटेनर अब उत्पादन चरण में हैं। यह पहल लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ाने, परिवहन लागत कम करने और रेल–आधारित माल परिवहन को अधिक दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

