रेलवे स्टेशनों पर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया की प्रगति की समीक्षा
दिल्ली (पीआईबी): रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने देश के 76 रेलवे स्टेशनों पर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया की प्रगति की समीक्षा की।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन के बाद केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मॉडल को अन्य स्टेशनों पर भी तेजी से लागू किया जाए।
देशभर में प्रस्तावित नए होल्डिंग एरिया मॉड्यूलर डिजाइन पर आधारित होंगे और इनके निर्माण में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा। इन होल्डिंग एरिया का उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय टिकटिंग सहित अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही, नियंत्रित प्रवेश जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से यह रेलवे प्रशासन को भीड़ प्रबंधन में भी सहायता करेंगे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ने दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को अपने नव-विकसित होल्डिंग एरिया की मदद से सफलतापूर्वक संभाला। यह होल्डिंग एरिया मात्र चार महीनों में पूरा किया गया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थित यात्री सुविधा केंद्र (स्थायी होल्डिंग एरिया) को एक समय में लगभग 7,000 यात्रियों को समायोजित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे बोर्डिंग से पहले यात्रियों की सुविधा और आवागमन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस सुविधा को यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है — टिकटिंग, पोस्ट-टिकटिंग और प्री-टिकटिंग।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का यह होल्डिंग एरिया 7,000 से अधिक यात्रियों को समायोजित करने में सक्षम है तथा इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए 150-150 शौचालय, टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें और निःशुल्क आरओ पेयजल सुविधा उपलब्ध है।

