खजुराहो कॉर्ड लाइन पर मालगाड़ियों का संचालन प्रारंभ

महोबा–ललितपुर लाइन के मध्य कॉर्ड लाइन के निर्माण से रेल कनेक्टिविटी में मिलेगा बड़ा लाभ

प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा खजुराहो कॉर्ड लाइन पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया गया। 1 दिसंबर 2025 को 1768 मीटर लम्बी खजुराहो कॉर्ड लाइन पर प्रथम मालगाड़ी का संचालन किया गया। झाँसी मंडल द्वारा खजुराहो-महोबा–ललितपुर सेक्शन में अत्यंत महत्वपूर्ण कॉर्ड लाइन का सफलतापूर्वक निर्माण कर संचालन प्रारम्भ कर दिया गया है।

₹33.40 करोड़ की लागत से तैयार यह लगभग 2 किलोमीटर लंबी कॉर्ड लाइन इस रेलखंड में कनेक्टिविटी सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण संरचनात्मक उपलब्धि है। इसके माध्यम से अब खजुराहो स्टेशन पर महोबा से ललितपुर अथवा ललितपुर से महोबा आने-जाने वाली ट्रेनों को रैक / इंजन एवं ब्रेकवान रिवर्सल की आवश्यकता समाप्त हो गई है, जिससे समय, संसाधनों तथा मैनपावर की बचत होगी तथा परिचालन सुगम होगा।

Advertisements

महोबा–खजुराहो–ललितपुर खंड बुंदेलखंड क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण ताप विद्युत संयंत्रों—एलपीजीसीएल, ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड एवं एनटीपीसी का प्रस्तावित बसारी संयंत्र (जिला छतरपुर)
को कोयला आपूर्ति के लिए रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अब तक खजुराहो स्टेशन पर मालगाड़ियों को दिशा परिवर्तन हेतु इंजन शंटिंग करनी पड़ती थी, जिससे—परिचालन में विलंब, लाइन क्षमता में बाधा, सेक्शन में भीड़, इंजन का निष्क्रिय समय बढ़ना, उत्पादकता में कमी, जैसी समस्याएँ सामने आती थीं।

नई कॉर्ड लाइन से लाभ

  • कोयला रेकों के निर्बाध आवागमन में तेजी
  • समय पर कोयला आपूर्ति सुनिश्चित
  • परिचालन दक्षता में वृद्धि
  • लाइन क्षमता में बड़ा सुधार
  • उत्तर मध्य रेलवे के माल ढुलाई प्रदर्शन में उन्नति जैसे लाभ प्राप्त होंगे।

यह मार्ग भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है तथा प्रतिदिन 27 रेक तक के सुगम आवागमन की क्षमता रखता है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ झाँसी मंडल ने एक बार फिर रेलवे विकास की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता और दक्षता सिद्ध की है।