वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम छमाही में पूर्वोत्तर रेलवे को माल लदान से ₹250 करोड़ से अधिक की आय
गोरखपुर ब्यूरो: रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापारियों तथा औद्यौगिक प्रतिष्ठानों को दी जा रही उन्नत सुविधाओं तथा मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर बिजनेस डेवलपमेंट यूनिटों के सुनियोजित प्रयासों से पूर्वोत्तर रेलवे पर माल लदान में वृद्धि का क्रम जारी है।
चालू वित्त वर्ष 2025-26 की प्रथम छमाही में सितम्बर, 2025 तक कुल 2.322 मिलियन टन माल लदान हुआ, जिससे ₹254.53 करोड़ की आय हुई है तथा केवल सितम्बर, 2025 में कुल 0.384 मिलियन टन माल का लदान हुआ, जिससे ₹43.115 करोड़ की आय हुई।
रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समेकित प्रयासों के फलस्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे पर चालू वित्त वर्ष 2025-26 की प्रथम छमाही में कुल 2.322 मिलियन टन माल लदान हुआ, जो गत वित्त वर्ष 2024-25 के प्रथम छमाही में कुल 2.208 मिलियन टन माल लदान की तुलना में 5.163 प्रतिशत अधिक है।
पूर्वोत्तर रेलवे को स्क्रैप निस्तारण से द्वितीय तिमाही में कुल ₹93.43 करोड़ की आय
गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहा है। स्क्रैप निस्तारण से रेल राजस्व की प्राप्ति के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को गति मिली है। स्क्रैप निस्तारण के परिणामस्वरूप रेल परिसर एवं रेल लाइनों के किनारे पड़ी निराकृत सामग्रियों के निस्तारण से ये स्थल स्वच्छ एवं साफ-सुथरे हो रहे हैं।
चालू वित्त वर्ष 2025-26 की द्वितीय तिमाही में सितम्बर, 2025 तक ‘मिशन जीरो स्क्रैप‘ के तहत स्क्रैप निस्तारण से ₹93.43 करोड़ की आय हुई है तथा केवल सितम्बर, 2025 में स्क्रैप निस्तारण से ₹14.74 करोड़ की आय हुई है।
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘स्वच्छ भारत मिशन‘ के तहत रेल परिसरों तथा रेल पटरियों के किनारे पड़ी हुई निष्प्रयोज्य सामग्री, परित्यक्त इमारतों एवं आवासों की पहचान कर निस्तारण किया गया है, जिससे रेल राजस्व प्राप्त होने के साथ ही रेल परिसर तथा रेल पटरियों को स्वच्छ रखने में भी सफलता मिली है।

