कैबिनेट ने दी मोकाामा–मुंगेर खंड पर 4-लेन ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी

कुल लागत: ₹4,447.38 करोड़ | हाइब्रिड एन्‍युइटी मॉडल (HAM) पर निर्माण

नई दिल्ली (पीआईबी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने बुधवार, 10 सितंबर को बक्सर–भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के मोकाामा–मुंगेर खंड (82.40 किमी) के निर्माण को मंजूरी दी। यह परियोजना हाइब्रिड एन्‍युइटी मॉडल (#HAM) पर लागू होगी और इसकी कुल पूंजीगत लागत लगभग ₹4,447.38 करोड़ होगी।

यह खंड मोकाामा, बरहिया, लखीसराय, जमालपुर, मुंगेर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रीय शहरों से होकर गुजरेगा या उन्हें जोड़ते हुए भागलपुर तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा (जैसा कि परिशिष्ट-I के मानचित्र में दर्शाया गया है)।

Advertisements

मुंगेर–जमालपुर–भागलपुर क्षेत्र पूर्वी बिहार में एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। यहाँ विभिन्न प्रकार की औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं-

  • ऑर्डनेंस फैक्ट्री (मौजूदा गन फैक्ट्री और रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित एक अन्य फैक्ट्री),
  • लोकोमोटिव वर्कशॉप (जमालपुर),
  • फूड प्रोसेसिंग (जैसे मुंगेर में ITC),
  • लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब विकसित हो रहे हैं।

भागलपुर—भागलपुरी सिल्क के लिए प्रसिद्ध है और वस्त्र एवं लॉजिस्टिक्स हब के रूप में पहचान बना रहा है। बरहिया फूड पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और एग्रो-वेयरहाउसिंग का केंद्र बन रहा है। इस क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों से भविष्य में मालवाहन और यातायात की माँग बढ़ेगी।

4-लेन एक्सेस-नियंत्रित कॉरिडोर (डिज़ाइन स्पीड 100 किमी/घंटा, औसत गति 80 किमी/घंटा) यात्रियों और मालवाहन दोनों के लिए तेज, सुरक्षित और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा और यात्रा समय को लगभग 1.5 घंटे तक घटा देगा।

यह 82.40 किमी लंबी परियोजना लगभग 14.83 लाख मानव-दिवस प्रत्यक्ष और 18.46 लाख मानव-दिवस अप्रत्यक्ष रोजगार उत्पन्न करेगी। इसके अलावा, इस क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक गतिविधि के चलते अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।