पूर्वोत्तर रेलवे: लोडिंग बढ़ाने हेतु व्यापारियों के साथ समन्वय बैठक
गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार, 2 फरवरी, 2026 को व्यापारियों के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार ने उपस्थित व्यापारियों से रेक का टर्मिनल डिटेंशन कम करने पर चर्चा की तथा टर्मिनल्स पर चौबीस घंटे में व्यापारियों से दो शिफ्ट में कार्य करने का अनुरोध किया। उन्होंने व्यापारियों से माल लदान बढ़ाने की भी अपील की।
व्यापारियों ने रेल प्रशासन से मालगोदामों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने का आग्रह किया, जिस पर रेलवे ने अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने लोडिंग हेतु वैगनों को सफाई के तुरंत बाद ही लोडिंग के लिए उपलब्ध कराने की मांग रखी। उनकी इस मांग पर भी रेलवे ने सकारात्मक रूख अपनाते हुए सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बैठक में व्यापारियों की ओर से हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के रूपेश कुमार, सिडकुल कॉनकोर इन्फ्रा कम्पनी लिमिटेड, रूद्रपुर सिटी के गुजरेज अख्तर, ऑटोमोबाइल ट्रेडर्स हल्दी रोड से दीपक मिश्र तथा भारतीय खाद्य निगम के मुकेश कुमार सहित सीमेंट, नमक, खाद एवं कोयला के अन्य व्यापारी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त अनेक अन्य व्यापारी भी ऑनलाइन माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में मुख्यालय के सभी संबंधित अधिकारियों सहित तीनों मंडलों के अपर मंडल प्रबंधक/परिचालन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
हालाँकि बैठक में रेलवे को करोड़ों का राजस्व देने वाले व्यापारियों ने मालगोदामों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने और अप्रोच मार्गों को सुदृढ़ करने की जो माँगें रखीं, उन पर उन्हें रेलवे की तरफ से केवल आश्वासन ही मिला, जो कि बाद में आई-गई बात हो जाती है। पूरी भारतीय रेल में मालगोदाम हों, साइडिंग्स हों, सबका बुरा हाल है, जबकि वहाँ से रेलवे को सालाना करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है, मगर व्यापारियों और रेलवे स्टाफ के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। परिचालन विभाग इसके लिए संबंधित विभागों को लिखता अवश्य है, परंतु उन विभागों के लिए अर्निंग वाली ये जगहें वरीयता में नहीं होतीं।

