मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने 15,000वाँ कोच निर्मित कर कोच उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया

Entrance gate of Modern Coach Factory, Lalganj, Raebareli, Uttar Pradesh.

रायबरेली (पीआईबी): आधुनिक कोच फैक्ट्री (#एमसीएफ), रायबरेली ने 15 दिसंबर 2025 को चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान अपना 15,000वाँ कोच निर्मित कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर कोच उत्पादन का नया कीर्तिमान बनाया है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक एमसीएफ द्वारा कुल 1,310 कोचों का निर्माण किया जा चुका है।

रेल मंत्रालय के अंतर्गत नवस्थापित उत्पादन इकाई एमसीएफ ने कम समय में यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। यह सफलता एमसीएफ की पूरी टीम के समर्पण, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का एक बड़ा प्रमाण है।

LHB Coach

अब तक निर्मित कुल 15,000 कोचों में से 7,000 वातानुकूलित (एसी) कोच तथा 8,000 गैर-वातानुकूलित (नॉन-एसी) कोच हैं। इनमें हमसफर, तेजस, अंत्योदय, दीनदयालु, भारत गौरव, ब्रेक वैन, पार्सल वैन, ट्रैक रिकॉर्डिंग कार, इकोनॉमी कोच, मोज़ाम्बिक के लिए डेमो लोकोमोटिव एवं होल्ड कोच, मेमू कोच आदि सहित विभिन्न प्रकार के रोलिंग स्टॉक शामिल हैं।

Advertisements

एमसीएफ के महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा के अनुसार सभी कोचों के निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का सख्ती से अनुपालन किया गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित हो सके।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा ने कोच उत्पादन से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को उनके निष्ठापूर्ण एवं समर्पित प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी नए मानक स्थापित करने तथा एमसीएफ को और अधिक ऊँचाईयों तक ले जाने के लिए सभी कर्मियों को प्रोत्साहित किया।