दूसरों की गलती से सीखकर सदैव सतर्क और जागरूक रहें! -तुषार कान्त पांडेय, SDGM/CVO/NER

गोरखपुर ब्यूरो: केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार भारतीय रेल पर 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर, 2025 तक मनाए जा रहे “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” के अन्तर्गत पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय एवं मंडलों पर सतर्कता से सम्बन्धित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में, 1 नवम्बर, 2025 को यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तुषार कान्त पांडेय की अध्यक्षता में ‘सतर्कता संगोष्ठी‘ का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुये वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तुषार कान्त पांडेय ने कहा कि हम सभी को अपना कार्य तन्मयता के साथ करना चाहिए तथा दूसरों की गलती से सीख लेकर सदैव सतर्क और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम अपना अधिकांश समय रेलवे को देते हैं, इसलिए आवश्यक है कि हम उस समय का सही सदुपयोग करें। हमें अपने ज्ञान में निरन्तर वृद्धि करते रहना चाहिए, जिससे जानकारी के अभाव में कार्यों में गलती होने की सम्भावना न रहे।

सतर्कता संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तुषार कान्त पांडेय।

इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक/यांत्रिक कारखाना डॉ सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि हम अपने कार्यों का सही आकलन कर सकें, इसके लिए हम स्वयं ही सतर्कता अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने कार्यों को पूरी सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए।

Advertisements

संगोष्ठी में उप मुख्य सर्तकता अधिकारी/यांत्रिक ए.पी.पांडेय ने यांत्रिक तथा उप मुख्य सर्तकता अधिकारी/भंडार कृष्ण चन्द्र सिंह ने भंडार से सम्बन्धित विषयों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कारखाने के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक/यांत्रिक कारखाना डॉ सुनील कुमार शर्मा, कारखाने के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सतर्कता विभाग के पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

संगोष्ठी के उपरान्त वरिष्ठ उप महाप्रबंधक तुषार कान्त पांडेय ने कारखाने के विभिन्न शॉप्स का गहनता से निरीक्षण किया। उप मुख्य कारखाना इंजीनियर/प्लांट एच. आर. खान ने संगोष्ठी में उपस्थित सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसी क्रम में, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एपीएम एकेडमी, पिपरा, महाराजगंज में “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर विद्यार्थियों के मध्य ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उप मुख्य सर्तकता अधिकारी/लेखा जे. ए. वैन्ड्रीन एवं सहायक सर्तकता अधिकारी/यातायात मुकेश कुमार सिंह ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त लीज होल्डर्स के साथ ऑनलाइन ‘वेंडर मीट‘ का आयोजन किया गया।