रेलवे का सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ बड़ा एक्शन!
सरकारी सोशल मीडिया हैंडलों से दी जाने वाली जानकारी विज्ञापन जैसी तड़क-भड़क वाली नहीं होनी चाहिए!
नई दिल्ली: रेल प्रशासन ने सोशल मीडिया पर रेलवे से जुड़े भ्रामक वीडियो साझा करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ अब सख्त कदम उठाने जा रहा है। इस त्यौहार के सीजन में कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर पुरानी या भ्रामक वीडियो वायरल कर यात्रियों में भ्रम और असंतोष फैलाया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने कहा कि अब तक 20 से ज्यादा ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे द्वारा सोशल मीडिया पर 24 घंटे मॉनिटरिंग कर ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे ने सभी सोशल मीडिया यूजर से अपील की है कि बिना तथ्यों की जांच किए स्टेशनों पर भीड़भाड़ एवं अन्य वीडियो को साझा करने से बचें। रेल प्रशासन का यात्रियों से अनुरोध है कि केवल आधिकारिक रेलवे नोटिफिकेशन और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब @RailMinIndia पर ही भरोसा करें।
संपादकीय टिप्पणी
यह मैटर हमें पहले ह्वाट्सऐप पर एक पाठक ने भेजा था, परंतु एकाएक इस पर भरोसा नहीं हुआ। बाद में जब यह मैटर प्रेस विज्ञप्ति के रूप में ईमेल पर, और मीडिया ग्रुप पर भी प्राप्त हुआ, तब संदेह की कोई गुंजाइश नहीं रही कि यह अधिकृत रूप से रेलवे की तरफ से ही जारी किया गया है।
इस समय जब गाड़ियों और स्टेशनों पर बहुत अधिक भीड़ है, ऐसे में सोशल मीडिया द्वारा असामाजिक-अराजक तत्वों के साथ ही विपक्ष के कुछ विमर्श खड़ा करने वाले लोग भी भ्रामक जानकारी फैलाते हैं। AI के फिल्टर आने के बाद अब ये प्रक्रिया निश्चित रूप से परेशान करने वाली हो गई है। ऐसे में यदि रेल मंत्रालय ऐसे तत्वों पर कार्यवाही करता है तो हम उसका स्वागत करते हैं।
तथापि हमारा यह भी कहना आवश्यक है कि रेल के सोशल मीडिया हैंडल स्वयं इवेंट मैनेजमेंट और प्रमोशन का काम ज्यादा कर रहे हैं, चेरलापल्ली रेलवे स्टेशन की घटना को ही ले लें, ड्रोन और प्रोफेशनल फोटोग्राफर इतना लीप-पोतकर जानकारी देते हैं कि वह भी अप्रामाणिक हो जाती है।
अतः यह आवश्यक है कि रेल मंत्रालय के हैंडल प्रामाणिक जानकारी को विश्वसनीय बनाएं। जनसामान्य का मानना है कि सरकारी सोशल मीडिया हैंडलों से दी जाने वाली जानकारी विज्ञापन जैसी तड़क-भड़क वाली नहीं होनी चाहिए। जमीनी स्तर पर अच्छा काम होगा, तो आपको किसी विज्ञापन की आवश्यकता नहीं रह जाती!

