सुल्लतानगंज-कटोरिया रेल लाइन का काम शीघ्र शुरू होगा, शिवभक्तों को जल्द देवघर पहुंचने में होगी आसानी
नई दिल्ली: भारतीय रेल ने बिहार के सुल्तानगंज–कटोरिया रेल लाइन का काम शीघ्र चालू करने का निर्णय लिया है। इससे भागलपुर और देवघर सहित पूरे देश के शिवभक्तों को रेलगाड़ी के माध्यम से यात्रा करने और जल्द देवघर पहुंचने में बहुत आसानी हो जाएगी।
इस परियोजना की कुल लंबाई 74.8 किलोमीटर है। यह असरगंज, तारापुर एवं बेलहर के रास्ते में पड़ती है। इस प्रस्तावित रेल खंड में सुल्तानगंज और कटोरिया के साथ-साथ असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर और सूयाबथान में ठहराव दिया गया है।
इसमें कटोरिया एक जंक्शन स्टेशन बनेगा, अभी कटोरिया स्टेशन बांका–जसीडीह रेल लाइन पर पड़ता है।

परियोजना के पूरा हो जाने पर प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु-शिवभक्तों को जल लेकर देवघर तक जाने में बहुत आसानी होगी। पूरी परियोजना पर नवीनतम अनुमानों के मुताबिक लगभग ₹1261 करोड़ की लागत आएगी।
अभी सुल्तानगंज से देवघर की दूरी वाया भागलपुर, बांका, कटोरिया लगभग 131 किलोमीटर है, जो नई लाइन के बन जाने के बाद घटकर लगभग 101 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे सुल्तानगंज और देवघर के बीच कनेक्टिविटी और भी बेहतर होगी।

