मध्य रेलवे, सोलापुर मंडल द्वारा “सतर्कता—हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन

सोलापुर: सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025, 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक पूरी भारतीय रेल में मनाया जाता। इसी क्रम में, मध्य रेल, सोलापुर मंडल द्वारा 18 सितंबर 2025 को सतर्कता विभाग, मुख्यालय, मध्य रेल, मुंबई के सहयोग से “सतर्कता—हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर एक सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, मुख्यालय मध्य रेल नीरज कुमार दोहरे ने व्यक्तिगत और व्यावसायिक ईमानदारी बनाए रखने, नियमों का पालन करने और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने दैनिक कार्यों में सतर्कता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक विभिन्न रेल संहिताओं, नियमों और प्रक्रियाओं पर सहभागियों का मार्गदर्शन भी किया।

सत्र के दौरान, उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने रेलवे के विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की, केस स्टडी पर प्रकाश डाला। अधिकारियों को भ्रष्टाचार मुक्त और ईमानदारी से प्रेरित कार्य संस्कृति अपनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

Advertisements

कर्मचारियों एवं अधिकारियों की और अधिक सहभागिता सुनिश्चित के लिए, रेलवे आचार संहिता पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की गई और उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे नैतिक मानकों को बनाए रखने में ज्ञान और जागरूकता के महत्व को बल मिला।

इस संगोष्ठी में सोलापुर मंडल के मुख्य परियोजना प्रबंधक शैलेंद्र सिंह परिहार, मध्य रेल मुख्यालय के सतर्कता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रदीप हिरदे (यातायात), चंद्रकांत कदम (लेखा एवं कार्मिक), सुनील कुमार बैरवा (विद्युत) और अमित जोशी (भंडार एवं यांत्रिक) शामिल थे। मध्य रेल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के मुख्य सतर्कता निरीक्षकों के साथ-साथ सोलापुर मंडल के सभी शाखा अधिकारियों और निरीक्षकों ने भी सक्रिय रूप से संगोष्ठी में भाग लिया।

संगोष्ठी का समापन सोलापुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक अंशुमाली कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सतर्कता विभाग के प्रयासों की सराहना की और सभी कर्मचारियों को सतर्कता को एक सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का समन्वय वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक आदित्य त्रिपाठी ने किया और इसका सफल आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मच्छिंद्र गालवे के नेतृत्व में कार्मिक विभाग द्वारा किया गया।

ऐसी पहलों के माध्यम से, मध्य रेल का सोलापुर मंडल पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त रेल प्रणाली के उन्नयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।