“कनेक्टिविटी विकास का एक नया मंत्र है” -देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने अमलनेर(बी)–बीड नई रेल लाइन का उद्घाटन किया तथा बीड से अहिल्यानगर के लिए उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, और उपमुख्यमंत्री एवं बीड जिले के पालकमंत्री अजित पवार ने बुधवार 17 सितंबर 2025 को बीड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में अमलनेर(बी) – बीड नई रेल लाइन का उद्घाटन किया तथा बीड से अहिल्यानगर के लिए उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, पशुपालन विभाग की मंत्री श्रीमती पंकजा मुंडे, राज्यसभा सांसद श्रीमती रजनी पाटिल, लोकसभा सांसद बजरंग सोनवणे एवं अन्य गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित थे।

Advertisements

इस आयोजन में बड़ी संख्या में जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रेलवे के अब तक वंचित क्षेत्रों तक पहुँचने के इस ऐतिहासिक क्षण का उल्लासपूर्वक जश्न मनाया।

यह आयोजन मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के साथ संपन्न हुआ, जो इसी दिन मनाया जाता है और 17 सितंबर 1948 को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा हैदराबाद के निजाम पर विजय प्राप्त कर मराठवाड़ा के भारतीय संघ में विलय की वर्षगांठ का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में पट्टिका का अनावरण करके अमलनेर (बी)-बीड नई रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद सभी गणमान्य व्यक्ति बीड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गए जहाँ उन्होंने बीड से अहिल्यानगर जाने वाली उद्घाटन विशेष डेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

इस अवसर पर बोलते हुए, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह दिन बीड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह नई रेल लाइन बीड के सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक और शैक्षणिक विकास में एक नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी विकास का एक नया मंत्र है।

उपमुख्यमंत्री एवं बीड के पालकमंत्री अजीत पवार ने क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेल सेवाएँ शुरू हो गई हैं, लेकिन इनका ध्यान रखना जनता की ज़िम्मेदारी है और उन्होंने लोगों से उचित टिकट लेकर यात्रा करने का आग्रह किया।

इससे पहले, मध्य रेल के महाप्रबंधक धरमवीर मीणा ने सम्मानित अतिथियों का अभिनंदन किया। स्वागत भाषण देते हुए, महाप्रबंधक ने मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल हमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिए गए बलिदानों की याद दिलाता है, बल्कि रेल संपर्क के माध्यम से आशा, विकास और अवसरों की नई शुरुआत का भी प्रतीक है।

महाप्रबंधक ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि 67.78 किलोमीटर लंबी अमलनेर (बी)-बीड नई लाइन के उद्घाटन और बीड तक डेमू सेवाओं के विस्तार के साथ, इस क्षेत्र के लिए रेल संपर्क का दीर्घकालिक सपना साकार हो रहा है।

इस अवसर पर मध्य रेलवे के सभी विभाग प्रमुख, मध्य रेल मुख्यालय और पुणे मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।

परियोजना का संक्षिप्त विवरण और लाभ

  • 67.78 किमी लंबी अमलनेर (बी)-बीड नई ब्रॉड गेज लाइन, 261.25 किमी लंबी अहिल्यानगर-बीड-परली वैजनाथ नई ब्रॉड गेज लाइन परियोजना का हिस्सा है।
  • यह परियोजना भारतीय रेल और महाराष्ट्र सरकार के बीच 50:50% लागत साझेदारी के आधार पर क्रियान्वित की गई है।
  • 99.03 किमी लंबे अहिल्यानगर-अमलनेर (बी) खंड पर नियमित रेल सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। बीड और अहिल्यानगर के बीच ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ ही, इस खंड पर नियमित सेवाएं अब शुरू हो गई हैं।
  • इस खंड पर सेवाओं के शुरू होने से मराठवाड़ा क्षेत्र के आंतरिक और अब तक अछूते क्षेत्रों को रेल संपर्क प्राप्त होगा।
  • यह मराठवाड़ा क्षेत्र को महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से जोड़ेगा और विकास की अनंत संभावनाओं को जन्म देगा।
  • ट्रेनों की ये विस्तारित सेवाएँ छात्रों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को परिवहन का एक किफायती और पर्यावरण-अनुकूल साधन प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगी।

अहिल्यानगर-बीड-परली वैजनाथ नई ब्रॉड गेज लाइन परियोजना के अहिल्यानगर-बीड खंड का चालू होना एक ऐतिहासिक परियोजना रही है, जिसने कई भौगोलिक और रसद संबंधी चुनौतियों को पार किया है, जो मध्य रेल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मध्य रेल समावेशी विकास और क्षेत्रीय उत्थान के लिए रेलवे नेटवर्क के विस्तार और अंतिम-मील संपर्क में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।