‘कवच’ प्रणाली से लैस मध्य रेल के 50वें लोकोमोटिव को कल्याण इलेक्ट्रिक लोको शेड से जीएम/म.रे. धर्मवीर मीना ने दिखाई हरी झंडी

पहले चरण में मध्य रेल की 730 लोकोमोटिव्स पर लगाया जा रहा है ‘कवच’

मुंबई: रेल संरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मध्य रेल ने एक और उपलब्धि हासिल की है। कल्याण इलेक्ट्रिक लोको शेड में 50वें लोकोमोटिव (WAP-7/37335) पर ‘कवच’ प्रणाली का फिटमेंट किया गया। इस लोकोमोटिव को मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धर्म वीर मीना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हिरेश मीणा, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर, प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर तथा मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

‘कवच’ एक स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (#ATP) प्रणाली है, जो रेल संरक्षा को और अधिक मज़बूत बनाने के लिए बनाई गई है। यह प्रणाली सिग्नल पासिंग एट डेंजर (#SPAD), ओवरस्पीडिंग और टक्करों को रोकने में सहायक है।

यह प्रणाली स्टेशन उपकरण और लोकोमोटिव पर लगे ऑन-बोर्ड यूनिट्स के बीच रेडियो लिंक द्वारा वास्तविक समय में सिग्नलिंग सूचना और लोकोमोटिव की स्थिति का आदान-प्रदान करती है।

यह प्रणाली प्राप्त डेटा को प्रोसेस करके मूवमेंट अथॉरिटी लिमिट्स और गति प्रतिबंध लागू करती है, जिससे ट्रेन संचालन और अधिक सुरक्षित एवं कुशल हो जाता है।

भारतीय रेल संरक्षा और स्वचालन को बढ़ावा देने के लिए #कवच प्रणाली को मिशन मोड में लागू कर रही है। रेलवे बोर्ड ने पहले चरण में मध्य रेल की 730 लोकोमोटिव्स पर ‘कवच’ लगाने की स्वीकृति दी है। इसके लिए चार निर्माताओं को कार्य सौंपा गया है।

मध्य रेल के विभिन्न लोको शेड्स में यह फिटमेंट कार्य तेजी से प्रगति पर है, ताकि शीघ्र ही सभी लोकोमोटिव्स इस उन्नत सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित हो सकें।

50वें लोकोमोटिव पर ‘कवच’ प्रणाली का फिटमेंट, मध्य रेल के सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल रेल संचालन हेतु अत्याधुनिक तकनीक अपनाने के निरंतर प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।