मध्य रेलवे विजिलेंस टीम ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की पार्सल से बुकिंग के एक अवैध कारोबार को किया उजागर
मुंबई: मध्य रेल की विजिलेंस टीम ने रेलवे की पार्सल बुकिंग प्रणाली के माध्यम से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के परिवहन से जुड़े एक अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है।
एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए और निरंतर निगरानी के बाद, मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने बुधवार, 13.08.2025 को ट्रेन संख्या 11056, गोंडा-एलटीटी गोदान एक्सप्रेस से आने वाले पार्सलों का लक्षित निरीक्षण किया।
विजिलेंस टीम—आरपीएफ कर्मियों के साथ—ट्रेन के आने से पहले ही लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) पहुँच गई। जैसे ही ट्रेन पहुँची, टीम ने तुरंत कार्रवाई की और गोंडा से एलटीटी के लिए बुक किए गए एक खेप पर ध्यान केंद्रित किया।

मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक और आरपीएफ की उपस्थिति में 564 किलोग्राम वजन वाले 10 पैकेटों की खेप खोली गई और उसमें सुगंधित चबाने वाला तंबाकू, सुगंधित पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद पाए गए। विजिलेंस टीम ने 6 लाख रुपये मूल्य के पूरे माल को जप्त कर लिया और तैनात आरपीएफ कर्मियों को सौंप दिया।
मध्य रेल विजिलेंस टीम ने ऐसे कई मामलों को सुलझाते हुए सतर्कता, समर्पण और दक्षता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सतर्कता विभाग रेलकर्मियों और रेल के कामकाज से जुड़ी अन्य बाहरी एजेंसियों के बीच भ्रष्ट आचरण का पता लगाकर और उसे रोककर रेल प्रणाली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को सुनिश्चित करते हुए रेल संचालन की अखंडता और दक्षता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सतर्कता विभाग भारतीय रेल के प्रहरी के रूप में कार्य करता है और पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सुरक्षा को बढ़ावा देता है। रेलवे की प्रतिष्ठा को बनाए रखने और ईमानदार तथा कुशल सार्वजनिक सेवा प्रदान करने में इसकी सक्रिय भूमिका है।

