सतीश कुमार, चेयरमैन/रेलवे बोर्ड ने की मध्य एवं पश्चिम रेलवे की रेल परियोजनाओं की समीक्षा

मुंबई: सतीश कुमार, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रेलवे बोर्ड तथा पदेन प्रधान सचिव, भारत सरकार ने सोमवार, 04.08.2025 को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित ‘चिंतन’ सम्मेलन कक्ष में मध्य एवं पश्चिम रेलवे की रेल परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

धर्म वीर मीना, महाप्रबंधक, मध्य रेल, विवेक कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक, पश्चिम रेलवे, विलास वाडेकर, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, मुंबई रेलवे विकास निगम (एमआरवीसी), मनोज गर्ग, उपाध्यक्ष, रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए), मध्य एवं पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक, प्रधान विभाग प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक (मुंबई मंडल/मध्य एवं पश्चिम रेलवे), रेलवे बोर्ड और एमआरवीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

सतीश कुमार ने विभिन्न रेल परियोजनाओं से संबंधित मामलों पर चर्चा की। उन्होंने आरएलडीए द्वारा सीएसएमटी स्टेशन के पुनर्विकास से संबंधित किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।

Advertisements

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शनिवार, 02.08.2025 को पश्चिम रेलवे के खार स्टेशन पर एमआरवीसी द्वारा किए जा रहे स्टेशन सुधार कार्य का निरीक्षण किया।

रविवार, 03.08.2025 को, सतीश कुमार ने वंदे भारत एक्सप्रेस द्वारा सीएसएमटी से नासिक की यात्रा की और 2027 में नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत कस्बे सुकेने, खेरवाड़ी, ओढ़ा, महाजेनको, देवलाली और नासिक स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नासिक में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और शाम को घाटकोपर स्टेशन का भी दौरा किया।

मध्य रेल, पश्चिम रेलवे और मुंबई महानगर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही विभिन्न एजेंसियों के साथ आयोजित एक संयुक्त बैठक में, सतीश कुमार ने संरक्षा पर पूरा और निरंतर ध्यान केंद्रित करने की बात दोहराई और रिकॉर्ड समय में पुणे मंडल के खड़की और हडपसर स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए मध्य रेल द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

बैठक का मुख्य फोकस क्षमता वृद्धि और नवीन समाधानों के माध्यम से यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं के साथ बेहतर सुविधाओं का प्रावधान और चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करना था। सतीश कुमार ने मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स कार्यों की प्रगति और मेल/एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों दोनों के लिए यात्री वहन क्षमता बढ़ाने की तैयारियों की समीक्षा की। विकसित भारत 2047 की दिशा में आगे की योजना और उसमें भारतीय रेल के योगदान के लिए एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई।

मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन (#एमएमआर) में 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के विस्तार जैसे तात्कालिक समाधानों की समीक्षा की गई और उन्हें संतोषजनक पाया गया। सतीश कुमार ने समग्र यात्री संरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों को शीघ्र और इष्टतम रूप से पूरा करने पर जोर दिया।

मीडियाकर्मियों के साथ एक संक्षिप्त बातचीत के दौरान, सतीश कुमार ने सीएसएमटी पुनर्विकास कार्य की स्थिति के बारे में बात की और यात्री संरक्षा तथा कार्य की गुणवत्ता पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने की बात दोहराई।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सतीश कुमार ने सोमवार, 04.08.2025 को जोगेश्वरी (एटी) यार्ड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने जोगेश्वरी (एटी) में नए कोचिंग टर्मिनल के चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।