झाँसी मंडल ने दिसंबर 2024 में माल लदान से लगभग ₹80 करोड़ की आय अर्जित की, मंडल की माल लदान में वृद्धि

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर के नेतृत्व में झाँसी मंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसंबर माह में माल लदान से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में मंडल द्वारा ₹79.84 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई ₹72.10 करोड़ की आय से 10.74% अधिक है।

दिसंबर माह में झाँसी मंडल ने 7 लाख 58 हजार 349 मीट्रिक टन माल ढुलाई की। प्रमुख वस्तुओं में पेट्रोलियम पदार्थों से लगभग ₹27 करोड़, सीमेंट से लगभग ₹12 करोड़, और खाद्यान्न से लगभग ₹11 करोड़ की आय हुई।

रेलवे ने व्यापार करने में आसानी के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी कीमतों पर सेवा वितरण में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। कम कीमत पर बढ़िया सेवा देने का प्रयास किया गया है। कुशल नीति निर्माण द्वारा समर्थित ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण और व्यवसाय विकास इकाईयों के कारण रेलवे को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली है।

Advertisements

यह उपलब्धि मंडल की दक्षता, बेहतर योजना और ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने इस सफलता के लिए मंडल के सभी कर्मचारियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि आगामी महीनों में भी यह प्रगति जारी रहेगी।

Exit mobile version